बजाज ऑटो ने अपनी लोकप्रिय पल्सर सीरीज में एक बार फिर बड़ा कदम उठाते हुए Pulsar 180 को भारतीय बाजार में दोबारा लॉन्च कर दिया है। साल 2022 में बंद की गई इस बाइक की वापसी के साथ कंपनी ने अपनी लाइनअप में बने अहम गैप को भरने की कोशिश की है। Pulsar 150 और Pulsar 220F के बीच लंबे समय से जो खाली जगह थी, अब वह खत्म हो गई है।
पल्सर लाइनअप में खत्म हुआ गैप, नए फीचर्स के साथ एंट्री
Pulsar 180 पहले भी कंपनी की एक चर्चित बाइक रही है, लेकिन 2022 में इसे बंद कर दिया गया था। इसके बाद ग्राहकों के पास 150 सीसी के बाद सीधे 220F का विकल्प बचा था। अब कंपनी ने इस कमी को दूर करते हुए Pulsar 180 को अपडेटेड अवतार में पेश किया है। इस बार बाइक में एलईडी हेडलैम्प और एलसीडी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर जैसे आधुनिक फीचर्स शामिल किए गए हैं।
कीमत और कलर ऑप्शन ने बढ़ाई आकर्षण
नई Pulsar 180 की एक्स-शोरूम कीमत 1.22 लाख रुपये तय की गई है। यह बाइक पांच कलर विकल्पों—ब्लैक-गोल्ड, ब्लू-ब्लैक, ब्लैक-ग्रे, ब्लैक-रेड और वॉइट—में उपलब्ध होगी। कीमत के लिहाज से यह Pulsar 150 से करीब 12 हजार रुपये महंगी है, लेकिन अपने सेगमेंट में मौजूद TVS Apache RTR 180 के मुकाबले लगभग 4 हजार रुपये सस्ती बताई जा रही है।
इंजन और परफॉर्मेंस में मिला हल्का अपडेट
इस बाइक में 178.6 सीसी का सिंगल सिलेंडर, एयर कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 17 हॉर्सपावर की पावर और 15 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 5-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। खास बात यह है कि 2022 में बंद हुए मॉडल की तुलना में इसमें 0.8 एनएम ज्यादा टॉर्क मिलता है, हालांकि पावर पहले जैसी ही रखी गई है। वहीं Pulsar 150 के मुकाबले यह बाइक 3 हॉर्सपावर अधिक पावर और 1.75 एनएम ज्यादा टॉर्क देती है।
ब्रेकिंग, सस्पेंशन और डिजाइन में मजबूती
बाइक में रियर डिस्क ब्रेक और एबीएस जैसी जरूरी सुरक्षा सुविधाएं दी गई हैं। सस्पेंशन के लिए इसमें टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क और ट्विन शॉक एब्जॉर्बर सेटअप मिलता है। Pulsar 180 में 15 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है और इसका कुल वजन 156 किलोग्राम है।
ग्राउंड क्लियरेंस और टायर सेटअप भी संतुलित
इस बाइक का ग्राउंड क्लियरेंस 165 मिमी है, जो भारतीय सड़कों के हिसाब से उपयुक्त माना जाता है। इसमें 17 इंच के व्हील्स दिए गए हैं, जिन पर 90/120 सेक्शन के ट्यूबलेस टायर लगाए गए हैं। हाल ही में Pulsar 150 में जो एलईडी हेडलैम्प और एलसीडी डैश अपडेट किए गए थे, वही फीचर्स अब Pulsar 180 में भी शामिल कर दिए गए हैं।