बेंगलुरु भगदड़: जॉब इंटरव्यू के बहाने घर से निकला प्रज्वल, परिजनों को मीडिया से मिली मौत की खबर, फ्रीजर के लिए लड़े सहाना के परिजन

0 134

नई दिल्ली: आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के चैंपियन बनने के बाद विक्ट्री परेड के दौरान 11 लोगों की मौत हो गई। यहां एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई थी, जिसमें कई लोग घायल हो गए। इनमें से 11 की मौत हो चुकी है, जबकि 33 घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। इस हादसे से जुड़ी कई दर्दनाक कहनियां भी सामने आ रही हैं। कोलार की सहाना के परिजनों को बेटी की मौत के बाद फ्रीजर के लिए संघर्ष करना पड़ा। वहीं, जॉब इंटरव्यू की बात कहकर निकले प्रज्वल के परिजनों को मीडिया के जरिए उसकी मौत की खबर मिली।

फ्रीजर के लिए लड़े सहाना के परिजन
सहाना की मौत भगदड़ में हुई, उनके परिवार ने सरकार से नाराजगी जाहिर की है। बेंगलुरु में काम करने वाली सहाना यहां से 90 किलोमीटर दूर कोलार की रहने वाली थीं। पोस्टमार्टम के बाद नगर निगम के शव वाहन में उनकी बॉडी को शिफ्ट किया गया। परिवार ने कहा कि कोलार तक ले जाने के लिए फ्रीजर तक की व्यवस्था प्रशासन ने नहीं की। हॉस्पिटल में जब परिवार ने जबरदस्त तरीके से अपनी नाराजगी और गुस्सा जाहिर किया उसके बाद ही उन्हें फ्रीजर दिया गया।

प्रज्वल के परिजनों को मीडिया से मिली मौत की खबर
चिंतामणि के रहने वाले प्रज्वल की भी इस भगदड़ में मौत हो गई। प्रज्वल घर वालों से ये कहकर निकला कि बेंगलुरू में एक निजी कंपनी में उसका इंटरव्यू है और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के जश्न में शामिल होने चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंच गया। घर वालों ने जब मीडिया के जरिये मृतकों की सूची में उसका नाम देखा तो उन्हें पता चला कि प्रज्वल जॉब इंटरव्यू के लिए नहीं बल्कि आरसीबी के विजय जश्न में शामिल होने गया था।

15 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने के आदेश
कर्नाटक सरकार ने भगदड़ की न्यायिक जांच का आदेश देते हुए 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। सीएम ने कहा कि लोग स्टेडियम के गेट भी तोड़ दिए गए, जिसके कारण भगदड़ मच गई। इतनी बड़ी भीड़ की उम्मीद किसी को नहीं थी। स्टेडियम में केवल 35,000 लोगों की क्षमता है, लेकिन लगभग 2 से 3 लाख लोग जमा हो गए थे। बेंगलुरु शहर में उपलब्ध पूरी पुलिस फोर्स को तैनात किया गया था।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.