चैत्र नवरात्र से पहले CM योगी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, पर्व-त्योहारों के दौरान शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

0 30

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर सख्त चेतावनी जारी की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चैत्र नवरात्र, ईद-उल-फितर और आगामी श्रीरामनवमी के अवसर पर किसी भी तरह की सार्वजनिक उद्दंडता या माहौल बिगाड़ने की हर कोशिश पर ‘जीरो टॉलरेंस’ के साथ कठोर कार्रवाई की जाए। सीएम ने कहा कि धार्मिक आयोजनों में केवल परंपरागत स्वरूप का पालन सुनिश्चित किया जाए और कोई नई परंपरा लागू न होने पाए।

सुरक्षा और शांति पर विशेष ध्यान
बैठक में पुलिस महानिदेशक ने बताया कि पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता है और फुट पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि संवेदनशीलता और समन्वय के साथ काम करते हुए शांति सुनिश्चित की जाए।

चैत्र नवरात्र में सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश और स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए।

अपराध और शिकायतों पर सख्ती
बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, गाजियाबाद, जालौन, गोरखपुर, आगरा, जौनपुर, प्रतापगढ़ और प्रयागराज में हाल में हुई आपराधिक घटनाओं का संज्ञान लेते हुए सीएम ने कहा कि हर घटना को गंभीरता से लिया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई हो। उन्होंने चेन स्नेचिंग और अन्य अपराधों को रोकने के लिए पीआरवी-112 वाहनों की निरंतर गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए और स्पष्ट कहा कि अपराधियों में पुलिस की वर्दी का खौफ होना चाहिए।

धर्मस्थलों और बाइक स्टंटबाजी पर भी निर्देश
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मस्थलों पर लाउडस्पीकर की आवाज निर्धारित सीमा में रहे और उल्लंघन करने पर सख्ती से हटाने की कार्रवाई की जाए। साथ ही बाइक स्टंटबाजी पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए।

एलपीजी आपूर्ति और गो-आश्रय स्थलों पर निगरानी
मुख्यमंत्री ने एलपीजी कालाबाजारी, जमाखोरी और कृत्रिम कमी पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। अयोध्या और मथुरा-वृंदावन में राष्ट्रपति महोदया के आगमन के मद्देनज़र निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन कड़ाई से सुनिश्चित करने को कहा गया। निराश्रित गो-आश्रय स्थलों में गोवंश संरक्षण, चारा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए गए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.