उड़ान से पहले डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के चार्टर्ड प्लेन में आई तकनीकी खराबी, इंजन से निकला धुआं; सड़क मार्ग से लौटे लखनऊ

0 18

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सरकारी चार्टर्ड विमान में सोमवार को टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी आ गई। विमान के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा, जिसके बाद एहतियातन उड़ान रोक दी गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिप्टी सीएम और उनके साथ मौजूद टीम को तुरंत विमान से बाहर उतार लिया गया। बाद में ब्रजेश पाठक सड़क मार्ग से गंगा एक्सप्रेसवे होते हुए लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

जानकारी के मुताबिक, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक मुरादाबाद और संभल के दौरे पर थे। संभल में समीक्षा बैठक खत्म करने के बाद वह सोमवार शाम करीब सवा चार बजे मुरादाबाद के भदासना एयरपोर्ट पहुंचे थे। यहां से उन्हें सरकारी चार्टर्ड प्लेन से लखनऊ लौटना था।

टेकऑफ से पहले इंजन में दिखी खराबी

बताया जा रहा है कि जैसे ही विमान रनवे पर टेकऑफ की तैयारी के लिए स्टार्ट किया गया, तभी अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। स्थिति को देखते हुए विमान को उड़ाना सुरक्षित नहीं माना गया और तत्काल उड़ान रद्द कर दी गई। मौके पर मौजूद अधिकारियों और तकनीकी टीम ने तुरंत स्थिति को संभाला।

डिप्टी सीएम के ओएसडी के अनुसार, शाम करीब 4:15 बजे विमान के इंजन में तकनीकी दिक्कत सामने आई थी। कुछ समय तक तकनीकी जांच और सुधार का इंतजार किया गया, लेकिन सुरक्षा कारणों से सड़क मार्ग से लखनऊ रवाना होने का फैसला लिया गया।

तकनीकी जांच में जुटी टीम

मुंडापांडे एयरपोर्ट के अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तकनीकी खराबी के चलते विमान टेकऑफ नहीं कर सका। विमान में आई खराबी के कारणों की जांच की जा रही है और तकनीकी टीम उसे दुरुस्त करने में जुटी हुई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.