UPSC प्रीलिम्स का पेपर खराब होने से टूट गया युवक, गोमती नदी में लगाई छलांग; मौत से परिवार सदमे में

0 21

लखनऊ: राजधानी लखनऊ से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां यूपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा का पेपर अच्छा नहीं जाने से परेशान एक युवक ने गोमती नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कई घंटे चले तलाशी अभियान के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया।

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 26 वर्षीय प्रखर आनंद पाल के रूप में हुई है। प्रखर ने 24 मई 2026 को आयोजित संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रारंभिक परीक्षा में हिस्सा लिया था। बताया जा रहा है कि परीक्षा उम्मीद के मुताबिक नहीं होने के कारण वह मानसिक तनाव में था।

पुराने लखनऊ में गोमती नदी में लगाई छलांग

परिजनों के अनुसार, परीक्षा के बाद से ही प्रखर काफी परेशान और उदास चल रहा था। रविवार सुबह वह पुराने लखनऊ स्थित पक्के पुल के पास पहुंचा और वहां से गोमती नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

काफी तलाश के बाद युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मां ने पुलिस को बताई पूरी बात

पुलिस को दी गई जानकारी में मृतक की मां ने बताया कि प्रखर ने हाल ही में यूपीएससी की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर अच्छा नहीं होने की वजह से वह तनाव में था। उन्होंने बताया कि इसी मानसिक दबाव में आकर उसने यह कदम उठा लिया।

बताया जा रहा है कि प्रखर की मां लखनऊ के हुसैनाबाद इंटर कॉलेज में वाइस प्रिंसिपल के पद पर तैनात हैं।

24 मई को हुई थी UPSC प्रीलिम्स परीक्षा

गौरतलब है कि संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा 24 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित की गई थी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक चली थी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.