होली से पहले आगरा में बड़ा एक्शन: 5 तेल मिलों पर छापा, 45 हजार लीटर से ज्यादा मिलावटी सरसों तेल और हजारों लीटर रिफाइंड जब्त

0 24

आगरा। त्योहारों से पहले मिलावटखोरी पर सख्ती दिखाते हुए खाद्य आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के आदेश पर सोमवार को आगरा की पांच तेल मिलों पर बड़ी कार्रवाई की गई। झांसी, लखनऊ, कानपुर समेत पांच शहरों की खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीमों ने संयुक्त छापेमारी कर तीन से पांच घंटे तक गहन जांच की। इस दौरान 45,718 लीटर मिलावटी सरसों का तेल, 12 हजार लीटर रिफाइंड पामोलिन ऑयल, 4,140 लीटर रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और 200 लीटर राइस ब्राउन ऑयल जब्त किया गया। डेढ़ दर्जन से अधिक नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।

कार्रवाई के दौरान जिन प्रतिष्ठानों पर छापा पड़ा, वहां गंदगी और मानकों की अनदेखी मिलने पर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जब्त तेल और रिफाइंड की सप्लाई आगरा के अलावा मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी समेत अन्य जिलों में भी की जाती थी। एक साथ हुई कार्रवाई से तेल कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

मंगल एडिबल ऑयल, छलेसर में 36,850 लीटर सरसों तेल सीज

सहायक आयुक्त खाद्य झांसी पवन कुमार की टीम ने छलेसर स्थित मंगल एडिबल ऑयल में जांच की। यहां 36,850 लीटर मिलावटी सरसों का तेल सीज किया गया, जिसकी कीमत 46.97 लाख रुपये आंकी गई है। जांच में पाया गया कि ड्रम और टैंकों में तेल खुले में रखा था और साफ-सफाई के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। चार नमूने लिए गए हैं और फर्म को नोटिस जारी किया जा रहा है।

महेश एडिबल ऑयल इंडस्ट्रीज (सलोनी ब्रांड), शमसाबाद

फर्रुखाबाद के सहायक आयुक्त खाद्य अजीत कुमार ने महेश एडिबल ऑयल इंडस्ट्रीज में छापेमारी की। यहां से दो नमूने लिए गए। सरसों का तेल तैयार होता मिला और मानकों में सुधार के निर्देश दिए गए।

एनएम ऑयल कॉरपोरेशन, छत्ता

कानपुर के सहायक आयुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह की टीम ने एनएम ऑयल कॉरपोरेशन की जांच की। यहां से 12 हजार लीटर रिफाइंड पामोलिन ऑयल और 570 लीटर सरसों का तेल जब्त किया गया। इनकी कीमत क्रमश: 15.48 लाख रुपये और 74,665 रुपये बताई गई है। दोनों के नमूने लिए गए हैं और मानकों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किया जाएगा।

आगरा ऑयल एंड जनरल इंडस्ट्रीज लिमिटेड, नरायच हाथरस रोड

लखनऊ के सहायक आयुक्त खाद्य विजय प्रताप सिंह ने आगरा ऑयल एंड जनरल इंडस्ट्रीज लिमिटेड में जांच की। यहां 4,140 लीटर रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और 8,298 लीटर सरसों का तेल जब्त किया गया। इनकी कीमत क्रमश: 5.85 लाख रुपये और 13.27 लाख रुपये है। सरसों तेल के आठ और सोयाबीन ऑयल के तीन नमूने लिए गए हैं।

श्यामजी एंटरप्राइजेज, नंदलालपुर हाथरस रोड

मथुरा के मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञान पाल सिंह ने श्यामजी एंटरप्राइजेज में छापा मारा। यहां से 24 हजार रुपये कीमत का 200 लीटर राइस ब्राउन ऑयल जब्त किया गया। सरसों तेल और राइस ब्राउन ऑयल के एक-एक नमूने लिए गए हैं।

दुकानें बंद, बाजार में मची हलचल

कार्रवाई की सूचना मिलते ही लोहामंडी और दरेसी समेत कई इलाकों में कुछ समय के लिए दुकानें बंद कर दी गईं। दो से चार घंटे बाद दुकानें फिर खुलीं। आगरा मंडल के सहायक आयुक्त खाद्य एसएस आबिदी ने बताया कि नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई

इस साल सरसों के तेल और अन्य खाद्य तेलों को लेकर यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। विभाग के अनुसार, बीते एक साल में 100 से अधिक नमूने लिए गए, जिनमें 55 प्रतिशत में मिलावट की पुष्टि हुई है। पिछले छह माह में 25 हजार लीटर से अधिक तेल जब्त और सीज किया गया है।

जिले में सरसों तेल समेत अन्य खाद्य तेलों का करोड़ों रुपये का कारोबार होता है। आगरा की प्रमुख मिलों से रोजाना एक से तीन हजार लीटर तेल तैयार कर अन्य जिलों में भेजा जाता है। ऐसे में त्योहार से पहले हुई इस सख्त कार्रवाई को मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.