नोएडा-ग्रेटर नोएडा के ट्रैफिक पर बड़ा एक्शन, सांसद महेश शर्मा ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश; ब्लैक स्पॉट और स्कूल बस सुरक्षा पर भी कड़ा रुख
गौतमबुद्धनगर: जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, सड़क हादसों में कमी लाने और विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति और जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद डॉ. महेश शर्मा ने की। इस दौरान नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव, सड़क सुरक्षा उपायों और स्कूल वाहनों की निगरानी को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए।
बढ़ते ट्रैफिक दबाव से निपटने के लिए बनेगी दीर्घकालिक योजना
बैठक में सांसद ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव, परी चौक समेत प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या और ट्रैफिक प्रबंधन की चुनौतियों पर चिंता जताई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि इन समस्याओं के समाधान के लिए दीर्घकालिक और प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
एयरपोर्ट मार्गों पर पहले से होगी ट्रैफिक व्यवस्था
सांसद ने कहा कि एयरपोर्ट की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में पहले से ट्रैफिक डायवर्जन और नियंत्रण की समुचित व्यवस्था तैयार रखी जाए। उन्होंने व्यावसायिक वाहनों के शहर में प्रवेश के लिए समय निर्धारित करने और निर्माण कार्यों में लगे ऐसे भारी वाहनों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए जो धूल प्रदूषण फैलाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। पुलिस और परिवहन विभाग को समन्वय के साथ आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली अपनाने के भी निर्देश दिए गए।
दुर्घटना वाले ब्लैक स्पॉट्स पर जल्द होंगे स्थायी सुधार
बैठक में जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद ने संबंधित विभागों, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग और अन्य एजेंसियों को निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर सुधार कार्य बाकी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तय समय में पूरा किया जाए। उन्होंने प्रत्येक ब्लैक स्पॉट पर वैज्ञानिक तरीके से स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टिव संकेतक, दिशा सूचक बोर्ड, स्पष्ट रोड मार्किंग, ट्रैफिक सिग्नल, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा बैरियर और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्यों का नियमित निरीक्षण और भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।
जनसहभागिता से मजबूत होगा सड़क सुरक्षा अभियान
सांसद ने परिवहन विभाग को ऐसा डिजिटल और जनसहभागिता आधारित तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए जिसके माध्यम से आम नागरिक सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं, सुझाव और दुर्घटना संभावित स्थानों की जानकारी सीधे संबंधित विभागों तक पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी से सड़क सुरक्षा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का नियमित विश्लेषण कर वैज्ञानिक आधार पर स्थायी समाधान लागू करने पर भी जोर दिया गया।
स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों पर रहेगा सख्त नियंत्रण
बैठक में विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की भी विस्तार से समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जिले के सभी स्कूल वाहनों की विशेष फिटनेस जांच कराने, प्रत्येक वाहन में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार बॉक्स, आपातकालीन निकास व्यवस्था, प्रशिक्षित चालक और सहायक स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वाहन चालकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और सभी सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों और वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जनप्रतिनिधियों ने भी दिए अहम सुझाव
बैठक के दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने सड़क सुरक्षा बैठकों में एनएचएआई गाजियाबाद के अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का सुझाव दिया ताकि राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके। उन्होंने ट्रैफिक पार्क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए, जिससे बच्चों और आम नागरिकों को व्यवहारिक रूप से यातायात नियमों की जानकारी दी जा सके। वहीं विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा ने तिलपता क्षेत्र में निर्माणाधीन डिवाइडर का कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने दिए समयबद्ध कार्रवाई के संकेत
बैठक के अंत में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सांसद और उपस्थित जनप्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों और सुझावों का समयबद्ध तथा प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराया जाएगा।