लखनऊ में सीएम योगी का बड़ा ऐलान: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन वितरण, मानदेय बढ़ाने का दिया संकेत
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए बड़े स्तर पर सुविधाओं का ऐलान करते हुए हजारों उपकरणों का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने 69,794 स्मार्टफोन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सौंपे। इसके साथ ही 1,33,282 स्टेडियोमीटर, 10,553 इंफैंटोमीटर और 58,237 वजन मापने वाली मशीनें भी वितरित की गईं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र देकर उन्हें बधाई भी दी।
रियल टाइम डेटा के लिए स्मार्टफोन जरूरी: सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लंबे समय से इस दिशा में प्रयास किए जा रहे थे कि हर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पास स्मार्टफोन हो। उन्होंने बताया कि समय पर डेटा अपलोड न होने की वजह से कई योजनाओं की निगरानी और रैंकिंग प्रभावित होती थी। अब स्मार्टफोन मिलने से रियल टाइम डेटा उपलब्ध होगा और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता व तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका और भी महत्वपूर्ण होने वाली है, इसलिए उन्हें तकनीकी रूप से सक्षम बनाना जरूरी है।
पोषाहार वितरण पर पिछली सरकार पर हमला
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 2017 से पहले की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय पोषाहार वितरण का ठेका शराब माफिया से जुड़े लोगों को दिया गया था, जिससे गुणवत्ता और वितरण दोनों प्रभावित होते थे। उन्होंने कहा कि कई जगह पोषाहार पहुंचता ही नहीं था और जहां पहुंचता था, उसकी गुणवत्ता बेहद खराब होती थी। वर्तमान सरकार में इस व्यवस्था को पारदर्शी और ईमानदार बनाया गया है।
गरीब की पीड़ा समझने वालों को ही संवेदनशीलता
सीएम योगी ने कहा कि जिन लोगों ने गरीबों की समस्याओं को करीब से देखा है, वही उनकी पीड़ा को समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी ये व्यवस्थाएं लागू हो सकती थीं, लेकिन इच्छाशक्ति की कमी थी। अब सरकार का लक्ष्य है कि हर आंगनबाड़ी केंद्र को डिजिटल सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
मानदेय बढ़ाने का दिया बड़ा संकेत
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यदि आंगनबाड़ी केंद्र स्मार्ट बन रहे हैं तो कार्यकर्ताओं का मानदेय भी “स्मार्ट” होना चाहिए। उन्होंने विभाग को निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द सम्मानजनक मानदेय का प्रस्ताव तैयार कर आगे बढ़ाया जाए, ताकि कार्यकर्ताओं को न्यूनतम आय की गारंटी मिल सके।
कोरोना काल के काम का किया जिक्र
सीएम योगी ने कोरोना काल के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका को भी सराहा। उन्होंने कहा कि जब बड़े-बड़े लोग पीछे हट रहे थे, तब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर स्क्रीनिंग और सेवा का काम कर रहे थे। सरकार उनकी मेहनत को ध्यान में रखते हुए उन्हें और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
आउटसोर्स कर्मियों के लिए कॉर्पोरेशन का गठन
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों के हित में एक कॉर्पोरेशन का गठन किया है, जो अप्रैल से लागू होगा। उन्होंने कहा कि पहले आउटसोर्सिंग व्यवस्था में बिचौलियों द्वारा शोषण होता था, जहां सरकार से मिलने वाली राशि का बड़ा हिस्सा बीच में ही कट जाता था। नई व्यवस्था से कर्मचारियों को पूरा लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।