विश्व मलेरिया दिवस पर गौतमबुद्धनगर में बड़ा जागरूकता अभियान, छात्र निभाएंगे ‘मलेरिया वॉरियर्स’ की भूमिका
गौतमबुद्धनगर, 23 अप्रैल 2026। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर 25 अप्रैल को जिले में मलेरिया के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष वैश्विक अभियान का संदेश “मलेरिया को समाप्त करने का दृढ़ संकल्प: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा” रखा गया है, जिसके तहत जनसहभागिता को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
स्कूलों के जरिए जागरूकता, छात्र लेंगे ‘मलेरिया वॉरियर्स’ की शपथ
अभियान के तहत जनपद के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान छात्रों को मलेरिया के लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही छात्र ‘मलेरिया वॉरियर्स’ के रूप में शपथ लेंगे कि वे अपने घर और आसपास मच्छरों के पनपने वाले स्थानों की पहचान कर उन्हें खत्म करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
नुक्कड़ नाटक, रैली और प्रतियोगिताओं से जागरूकता का विस्तार
विभिन्न विद्यालयों में नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैलियों के माध्यम से लोगों को जलभराव रोकने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन कर छात्रों को रचनात्मक तरीके से अभियान से जोड़ा जाएगा।
विभागों और प्राधिकरणों की संयुक्त पहल
इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और पंचायतीराज विभाग के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे विकास प्राधिकरण भी सक्रिय रूप से भागीदारी करेंगे। नगर निकायों द्वारा शपथ कार्यक्रम और जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक संदेश पहुंच सके।
मलिन बस्तियों में विशेष फोकस, जनभागीदारी पर जोर
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गोष्ठियों, रैलियों और विशेष अभियानों के जरिए खासकर मलिन बस्तियों में मलेरिया से बचाव को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर मलेरिया के प्रसार को रोकना है।