आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज नाथन एलिस हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह फ्रेंचाइजी ने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन को टीम में शामिल कर लिया है। यह फैसला 24 मार्च को जारी आधिकारिक जानकारी में सामने आया।
चेन्नई ने जॉनसन को 1.5 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा है। अब वह आगामी सीजन में टीम की गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देते नजर आएंगे।
कैसा है स्पेंसर जॉनसन का रिकॉर्ड
स्पेंसर जॉनसन के पास आईपीएल का सीमित अनुभव जरूर है, लेकिन वह पहले भी लीग में खेल चुके हैं। इससे पहले वह गुजरात और कोलकाता की टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। आईपीएल में उन्होंने अब तक 9 मैच खेले हैं और सभी पारियों में गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 10.39 रहा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जॉनसन ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल चुके हैं। उन्होंने 13 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में हिस्सा लिया है, जिसमें वनडे और टी20 दोनों प्रारूप शामिल हैं। इन मैचों में उनके नाम कुल 18 विकेट दर्ज हैं।
एलिस के बाहर होने से बढ़ी चिंता
नाथन एलिस को चेन्नई सुपर किंग्स ने 2 करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया था, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही चोट ने उन्हें बाहर कर दिया। एलिस का आईपीएल रिकॉर्ड बेहतर रहा है। उन्होंने 17 मैचों में 19 विकेट हासिल किए हैं और उनका इकॉनमी रेट 8.67 का रहा है।
उनके अनुभव और प्रदर्शन को देखते हुए टीम के लिए यह एक बड़ा नुकसान माना जा रहा है। अब जॉनसन पर जिम्मेदारी होगी कि वह इस कमी को पूरा कर सकें।
CSK के लिए कितनी बड़ी चुनौती
पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था और टीम अंकतालिका में निचले पायदान पर रही थी। ऐसे में इस बार टीम ने कई बदलाव किए हैं, लेकिन टूर्नामेंट से पहले ही एक अहम खिलाड़ी का बाहर होना रणनीति पर असर डाल सकता है।
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि स्पेंसर जॉनसन टीम के लिए कितने प्रभावी साबित होते हैं और क्या वह एलिस की कमी को पूरा कर पाते हैं।