स्पाइसजेट को बड़ा झटका! 4 बोइंग 737 मैक्स विमान वापस लेने की तैयारी, DGCA से रजिस्ट्रेशन रद्द करने की मांग
नई दिल्ली: वित्तीय चुनौतियों से जूझ रही एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट को लेकर एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। कंपनी के चार बोइंग 737-8 मैक्स विमानों का पंजीकरण रद्द कराने के लिए विमान पट्टे पर देने वाली कंपनियों ने नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से संपर्क किया है। इस बीच स्पाइसजेट का कहना है कि ये विमान लंबे समय से परिचालन से बाहर हैं और इनके पंजीकरण रद्द होने से पट्टा किराये का बोझ कम होगा।
जानकारी के अनुसार, आयरलैंड की विमान लीजिंग कंपनियों स्काई हाई एलएक्सएक्सएक्स लीजिंग कंपनी लिमिटेड और स्काई हाई एलएक्सएक्सवीआईआई लीजिंग कंपनी लिमिटेड ने ‘अपरिवर्तनीय डीरजिस्ट्रेशन एवं निर्यात अनुरोध प्राधिकरण’ (IDERA) के तहत आवेदन दायर किया है।
क्या है IDERA व्यवस्था?
IDERA ऐसी व्यवस्था है, जिसके तहत विमान पट्टे पर देने वाली कंपनियां जरूरत पड़ने पर अपने विमानों को वापस लेने के लिए सीधे विमानन नियामक से संपर्क कर सकती हैं। यदि कोई एयरलाइन भुगतान संबंधी शर्तों का पालन नहीं करती है, तो लीजिंग कंपनी इस प्रक्रिया के माध्यम से विमान वापस लेने की कार्रवाई कर सकती है।
पिछले साल बदला था कानून
पिछले वर्ष संसद ने नागरिक उड्डयन से जुड़े एक महत्वपूर्ण विधेयक को मंजूरी दी थी। इसके बाद वैश्विक विमान लीजिंग कंपनियों के लिए यह प्रक्रिया आसान हो गई कि भुगतान में चूक होने की स्थिति में वे भारतीय एयरलाइनों से अपने विमान और इंजन वापस ले सकें।
स्पाइसजेट ने क्या कहा?
स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने कहा कि संबंधित विमान इंजन के हाई प्रेशर टर्बाइन (HPT) से जुड़ी निर्माण संबंधी समस्याओं के कारण लंबे समय से उड़ान संचालन से बाहर हैं।
प्रवक्ता के अनुसार, इन विमानों का पंजीकरण रद्द होने से कंपनी पर पट्टे के किराये का खर्च कम होगा और इसका एयरलाइन के मौजूदा परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी इन विमानों को दोबारा सेवा में लाने के लिए विमान सप्लायर और मूल उपकरण निर्माता के साथ बातचीत कर रही है।
फ्लीट का बड़ा हिस्सा अब भी ग्राउंडेड
वित्तीय और कानूनी चुनौतियों का सामना कर रही स्पाइसजेट के बेड़े का बड़ा हिस्सा अभी भी उड़ान संचालन से बाहर है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार कंपनी के कुल 53 विमानों में से केवल 11 विमान नियमित सेवा में हैं, जबकि 42 विमान लंबे समय से ग्राउंडेड हैं।
सोमवार तक एयरलाइन सीमित विमानों के साथ करीब 60 उड़ानों का संचालन कर रही थी।