जेवर एयरपोर्ट विस्तार को लेकर बड़ा फैसला, चार गांवों की जमीन का अवार्ड घोषित, किसानों को मिलेगा 4778 रुपये प्रति वर्गमीटर मुआवजा

0 492

जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को अपर जिला अधिकारी भूमि आधिपत्य के कार्यालय में जेवर क्षेत्र के चार गांवों की जमीन का अवार्ड घोषित कर दिया गया। इन गांवों की जमीन एयरपोर्ट के तीसरे चरण के विस्तार के लिए अधिग्रहित की जा रही है, जिससे सैकड़ों किसानों को मुआवजे का रास्ता साफ हो गया है।

तीसरे चरण में 14 गांवों की जमीन का अधिग्रहण
प्रशासन के अनुसार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे चरण में कुल 14 गांवों की जमीन अधिग्रहित की जानी है। इनमें से अब तक 13 गांवों का अवार्ड घोषित किया जा चुका है। केवल एक गांव थोरा शेष है, जिसका अवार्ड दो फरवरी को घोषित किया जाएगा।

चार गांवों के किसानों को 4778 रुपये प्रति वर्गमीटर मुआवजा
अपर जिला अधिकारी भूमि आधिपत्य बच्चू सिंह ने बताया कि शनिवार को ग्रेटर नोएडा स्थित कार्यालय में भूमि अधिग्रहण अधिनियम की धारा 23 के तहत चार गांवों की जमीन का अधिनिर्णय घोषित किया गया। ख्वाजपुर गांव के 1637 किसानों की 271.57 हेक्टेयर, बंकापुर गांव के 180 किसानों की 9.34 हेक्टेयर, पारोही गांव के 910 किसानों की 86.08 हेक्टेयर और नीमका गांव के 1650 किसानों की 274.98 हेक्टेयर भूमि का अवार्ड 4778 रुपये प्रति वर्गमीटर की दर से तय किया गया है।

पहले ही घोषित हो चुका है नौ गांवों का अवार्ड
इससे पहले तीसरे चरण में शामिल नौ गांवों की जमीन का अवार्ड घोषित किया जा चुका है। अब चार और गांवों के किसानों को मुआवजा मिलने से एयरपोर्ट विस्तार की प्रक्रिया को और गति मिलने की उम्मीद है।

सीधे खातों में भेजी जाएगी प्रतिकर राशि
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को प्रतिकर की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। मुआवजा प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए थोरा गांव का अवार्ड घोषित होने के बाद तहसील प्रशासन के माध्यम से गांव-गांव शिविर लगाए जाएंगे, जहां किसानों की फाइलें तैयार कराई जाएंगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.