नोएडा में स्वच्छ पानी की बड़ी पहल: हरौला में वाटर एटीएम का उद्घाटन, लोगों को मिलेगा मुफ्त शुद्ध पेयजल
नोएडा क्षेत्र के नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। 31 मार्च 2026 को ग्राम हरौला, सेक्टर-4/5 के पास नवनिर्मित वाटर एटीएम का उद्घाटन किया गया। यह परियोजना जल विभाग के प्रयासों और एचडीएफसी बैंक द्वारा दिए गए सीएसआर फंड के सहयोग से स्थापित की गई है।
इस वाटर एटीएम का उद्घाटन गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा के विधायक पंकज सिंह ने किया। इस मौके पर एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधि और जल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
आम लोगों को मिलेगा मुफ्त ठंडा और शुद्ध पानी
स्थापित वाटर एटीएम के जरिए स्थानीय लोगों को पूरी तरह मुफ्त में स्वच्छ और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा खासतौर पर उन क्षेत्रों के लिए राहत लेकर आई है, जहां साफ पानी की उपलब्धता चुनौती बनी रहती है।
1200 लीटर प्रति घंटे की क्षमता, आधुनिक तकनीक से लैस
यह वाटर एटीएम प्रति घंटे 1200 लीटर पानी शुद्ध करने और वितरित करने की क्षमता रखता है। इसमें पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अल्ट्रा वायलेट सिस्टम, ओजोनाइजर, सैंड फिल्ट्रेशन, कार्बन फिल्ट्रेशन, 5 से 10 माइक्रोन फिल्ट्रेशन और पेबल्स फिल्ट्रेशन जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है।
इसके अलावा पानी में मौजूद हार्डनेस, फ्लोराइड, क्लोराइड और अन्य अशुद्धियों को हटाने के लिए रिवर्स ऑस्मोसिस (आरओ) सिस्टम भी लगाया गया है, जिससे लोगों को पूरी तरह सुरक्षित पेयजल मिल सके।
कार्ड सिस्टम से मिलेगा पानी, तय समय पर होगी सप्लाई
इस वाटर एटीएम में ऑटोमैटिक कार्ड ऑपरेटेड वेंडिंग मशीन की सुविधा दी गई है। इसके जरिए एक कार्ड से 20 लीटर तक पानी लिया जा सकता है, वहीं छोटे वेंडिंग विकल्प में 1 लीटर तक ठंडा और शुद्ध पानी भी उपलब्ध होगा।
जल विभाग द्वारा इस सुविधा को प्रतिदिन सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक आम जनता के लिए मुफ्त संचालित किया जाएगा।
नोएडा में अब तक 9 वाटर एटीएम किए जा चुके हैं समर्पित
जल विभाग के अनुसार, नोएडा क्षेत्र में अब तक सीएसआर फंड के तहत 9 वाटर एटीएम स्थापित किए जा चुके हैं, जिन्हें आम जनता की सेवा के लिए समर्पित किया गया है। यह पहल शहर में स्वच्छ जल उपलब्धता को मजबूत करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।