AIR INDIA यात्रियों को बड़ी राहत, अब इन दो मेट्रो स्टेशनों से भी होगा अर्ली चेक-इन; समय, प्रक्रिया और नियम जानिए

0 1,291

नई दिल्ली: दिल्ली एयरपोर्ट से सफर करने वाले एयर इंडिया यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। टाटा समूह की अगुवाई वाली एयर इंडिया ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई दिल्ली और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर अर्ली चेक-इन सुविधा शुरू कर दी है। इस पहल के तहत यात्री अब मेट्रो स्टेशन पर ही चेक-इन कर बैगेज जमा कर सकेंगे, जिससे एयरपोर्ट पहुंचने की झंझट और ट्रैफिक की परेशानी से काफी हद तक बचा जा सकेगा।

डोमेस्टिक और इंटरनेशनल यात्रियों को मिलेगी सुविधा
एयर इंडिया की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह अर्ली चेक-इन सुविधा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानों के यात्रियों के लिए उपलब्ध है। मेट्रो स्टेशन से सीधे एयरपोर्ट तक बैगेज के सुरक्षित ट्रांसफर की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त बोझ उठाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

किस समय तक उपलब्ध रहेगा अर्ली चेक-इन
जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली और शिवाजी स्टेडियम दोनों मेट्रो स्टेशनों पर यह सुविधा प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक उपलब्ध रहेगी। एयर इंडिया का कहना है कि यह सुविधा समय की बचत के साथ-साथ यात्रियों के सफर को ज्यादा सहज और आरामदायक बनाएगी।

कहां उपलब्ध हैं अर्ली चेक-इन काउंटर
नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर अर्ली चेक-इन काउंटर कॉन्कोर्स लेवल पर स्थापित किए गए हैं। वहीं शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर यह सुविधा कॉन्कोर्स लेवल पर VFS ग्लोबल कार्यालय के पास उपलब्ध कराई गई है।

चेक-इन की तय समय-सीमा पर जरूर दें ध्यान
एयर इंडिया की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, डोमेस्टिक फ्लाइट के लिए यात्री प्रस्थान समय से 12 घंटे पहले से लेकर 2 घंटे पहले तक चेक-इन कर सकते हैं। वहीं इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए यह अवधि प्रस्थान से 4 घंटे पहले से 2 घंटे पहले तक निर्धारित की गई है।

इस तरह उठाएं अर्ली चेक-इन सुविधा का लाभ
यात्री सबसे पहले मेट्रो स्टेशन पर उपलब्ध सिटी चेक-इन काउंटर पर पहुंचें।
वहां चेक-इन की प्रक्रिया पूरी कर बैगेज जमा करें और बोर्डिंग पास प्राप्त करें।
इसके बाद एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो लाइन के जरिए करीब 20 मिनट में दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-3 तक पहुंच सकते हैं।
ध्यान रखें कि उड़ान से 20 मिनट पहले बोर्डिंग गेट बंद हो जाते हैं, इसलिए सुरक्षा जांच और इमिग्रेशन के लिए पर्याप्त समय पहले एयरपोर्ट पहुंचना जरूरी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.