नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग ने दिव्यांग अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सिविल सेवा परीक्षा में एक अहम बदलाव किया है। यूपीएससी ने परीक्षा केंद्र आवंटन की व्यवस्था में संशोधन करते हुए यह सुनिश्चित करने का फैसला लिया है कि मानक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को उनकी पसंद का परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराया जाएगा। आयोग का मानना है कि इससे परीक्षा में शामिल होने के दौरान दिव्यांग उम्मीदवारों को होने वाली व्यावहारिक दिक्कतें काफी हद तक कम होंगी।
परीक्षा केंद्र आवंटन में नई व्यवस्था लागू
यूपीएससी के मुताबिक संशोधित ढांचे के तहत प्रत्येक दिव्यांग अभ्यर्थी को उनका प्राथमिकता वाला परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा। यह व्यवस्था सिविल सेवा परीक्षा-2026 और भारतीय वन सेवा परीक्षा-2026 दोनों पर लागू होगी। आयोग ने साफ किया है कि इस बदलाव का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को अधिक समावेशी और उम्मीदवार-अनुकूल बनाना है।
दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए सीट की सीमा खत्म
नई व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों पर दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए सीटों की कोई अधिकतम सीमा तय नहीं की जाएगी। प्रारंभ में प्रत्येक केंद्र की निर्धारित क्षमता के अनुसार दिव्यांग और गैर-दिव्यांग दोनों श्रेणियों के अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की जाएंगी। लेकिन जैसे ही किसी केंद्र की सामान्य क्षमता पूरी हो जाएगी, वह केंद्र गैर-दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए बंद हो जाएगा, जबकि दिव्यांग उम्मीदवार वहां परीक्षा केंद्र चुन सकेंगे। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सीटों की व्यवस्था भी की जाएगी।
इन शहरों में सबसे ज्यादा दिक्कतें आई थीं सामने
यूपीएससी अध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पिछले पांच वर्षों के आंकड़ों के विश्लेषण में सामने आया है कि कुछ परीक्षा केंद्र बहुत जल्दी अपनी अधिकतम क्षमता तक पहुंच जाते हैं। इससे दिव्यांग अभ्यर्थियों को परेशानी होती थी। इनमें दिल्ली, कटक, पटना और लखनऊ जैसे प्रमुख केंद्र शामिल हैं। संशोधित व्यवस्था के बाद दिव्यांग उम्मीदवारों को इन शहरों में भी पसंद का केंद्र मिलने की गारंटी दी जाएगी।
24 मई को होगी प्रारंभिक परीक्षा
इस वर्ष सिविल सेवा परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को आयोजित की जाएगी। इससे पहले आयोग यह भी स्पष्ट कर चुका है कि आईएएस या आईएफएस में कार्यरत कोई भी अधिकारी 2026 की सिविल सेवा परीक्षा में बैठने के लिए पात्र नहीं होगा।
नया ऑनलाइन आवेदन पोर्टल शुरू
यूपीएससी ने आवेदन प्रक्रिया को और सरल व पारदर्शी बनाने के लिए एक नया ऑनलाइन आवेदन पोर्टल भी शुरू किया है। आयोग के अनुसार यह पोर्टल परीक्षा के विभिन्न चरणों में पारदर्शिता बढ़ाने और अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। बुधवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक सिविल सेवा परीक्षा के जरिए कुल 933 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 33 पद आरक्षित हैं।