होली पर यात्रियों को बड़ी राहत: कटड़ा से नई दिल्ली और वाराणसी के लिए स्पेशल ट्रेनें, देखें पूरा शेड्यूल और स्टॉपेज

0 29

होली के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने विशेष ट्रेनों का ऐलान किया है। अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन नंबर 04081/04082 नई दिल्ली और श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा के बीच चलेगी, जबकि ट्रेन नंबर 04603/04604 वाराणसी और कटड़ा के बीच यात्रियों को सुविधा देगी।

नई दिल्ली से कटड़ा: रात में रवाना, दोपहर में पहुंचेगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार ट्रेन नंबर 04081, 21 फरवरी से 8 मार्च तक नई दिल्ली स्टेशन से रात 11:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12 बजे कटड़ा पहुंचेगी। यह ट्रेन रास्ते में पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, जम्मू और उधमपुर में रुकेगी।

कटड़ा से दिल्ली वापसी का टाइम
वापसी में यही ट्रेन 04082 नंबर से 22 फरवरी से 9 मार्च तक कटड़ा से रात 9:20 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह भी उन्हीं प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी, जिससे दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।

वाराणसी से कटड़ा: सुबह रवाना, अगले दिन पहुंच
ट्रेन नंबर 04603, 24 फरवरी से 8 मार्च के बीच चार ट्रिप में वाराणसी से सुबह 5 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 6 बजे कटड़ा पहुंचेगी। यह ट्रेन प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर समेत कई अहम स्टेशनों पर रुकेगी और फिर पंजाब व जम्मू क्षेत्र से होते हुए कटड़ा पहुंचेगी।

कटड़ा से वाराणसी वापसी शेड्यूल
वापसी में ट्रेन नंबर 04604, 22 फरवरी से 6 मार्च के बीच चार ट्रिप में कटड़ा से शाम 6:15 बजे चलेगी और अगले दिन शाम 7 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी रूट भी वही रहेगा, जिससे उत्तर प्रदेश और उत्तर भारत के यात्रियों को सीधा कनेक्शन मिलेगा।

त्योहार पर भीड़ कम करने की तैयारी
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए ये स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं ताकि यात्रियों को आरामदायक और सुगम यात्रा मिल सके और वैष्णो देवी दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.