साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म जन नायकन रिलीज से पहले ही विवादों में घिरती नजर आ रही है। फिल्म को लेकर जहां पहले से ही सेंसर बोर्ड से जुड़ी अड़चनें चल रही थीं, वहीं अब एक नई परेशानी ने मेकर्स की चिंता और बढ़ा दी है। जानकारी के मुताबिक फिल्म का एक हिस्सा ऑनलाइन लीक हो गया है, जिससे पूरी टीम को बड़ा झटका लगा है।
ऑनलाइन लीक हुआ 5 मिनट का क्लिप, सोशल मीडिया पर वायरल
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘जन नायकन’ का करीब पांच मिनट लंबा क्लिप इंटरनेट पर लीक हो गया है। इस क्लिप में फिल्म के टाइटल क्रेडिट्स के साथ-साथ विजय के कुछ अहम सीन भी शामिल बताए जा रहे हैं। लीक होते ही यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे फैंस के बीच निराशा देखने को मिल रही है।
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस KVN Productions को टैग करते हुए कई फैंस ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही यह भी चेतावनी दी जा रही है कि लीक्ड कंटेंट को शेयर करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
विजय की आखिरी फिल्म मानी जा रही ‘जन नायकन’
बताया जा रहा है कि ‘जन नायकन’ थलापति विजय के फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म हो सकती है, क्योंकि इसके बाद वह पूरी तरह राजनीति में सक्रिय होने की तैयारी में हैं। ऐसे में इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है, जो अब इस लीक के बाद प्रभावित हुआ है।
सेंसर अड़चन के कारण पहले ही टली रिलीज
फिल्म की रिलीज पहले 9 जनवरी तय की गई थी, लेकिन सेंसर बोर्ड ने कुछ सीन पर आपत्ति जताते हुए इसे सर्टिफिकेट देने से रोक दिया था। इसके बाद मेकर्स को कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा और करीब एक महीने की प्रक्रिया के बाद फिल्म को रिवाइजिंग कमिटी के पास भेजने का फैसला लिया गया। फिलहाल फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है।
फिल्म से जुड़े बड़े नाम, इंतजार बरकरार
फिल्म का निर्देशन एच. विनोथ ने किया है, जबकि संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने दिया है और सिनेमैटोग्राफी सत्यान सूर्यन की है। बड़े नामों से सजी इस फिल्म का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, लेकिन लीक की घटना ने उत्साह पर असर डाला है।
अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मेकर्स इस संकट से कैसे निपटते हैं और आखिरकार ‘जन नायकन’ कब सिनेमाघरों में दस्तक देगी।