Bihar Inter Exam 2026: तीसरे दिन नकल पर सख्ती, 6 जिलों से 18 छात्र निष्कासित, 2 फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार, नवादा में सबसे बड़ी कार्रवाई

0 27

पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 के तीसरे दिन गुरुवार को राज्यभर के परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान कदाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए छह जिलों से कुल 18 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया, जबकि दो फर्जी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया गया है।

नवादा में सबसे ज्यादा निष्कासन, 11 परीक्षार्थी पकड़े गए
तीसरे दिन कदाचार के मामलों में नवादा जिला सबसे आगे रहा, जहां 11 परीक्षार्थियों को नकल के आरोप में परीक्षा से बाहर किया गया। इसके अलावा भोजपुर और जहानाबाद से दो-दो, पटना, अरवल और गोपालगंज से एक-एक परीक्षार्थी को कदाचार करते हुए पकड़ा गया। अन्य जिलों में निष्कासन का कोई मामला सामने नहीं आया।

रोहतास और नवादा से फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार
परीक्षा के दौरान सुरक्षा जांच में दो फर्जी परीक्षार्थियों को भी पकड़ा गया। इनमें एक रोहतास और एक नवादा जिले से सामने आया। दोनों मामलों में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फिजिक्स की परीक्षा में 6.20 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल
परीक्षा समिति के अनुसार, तीसरे दिन प्रथम पाली में फिजिक्स विषय की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक आयोजित हुई। इस परीक्षा के लिए कुल 6,20,743 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था और बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा में शामिल हुए।

दूसरी पाली में जियोग्राफी और बिजनेस स्टडीज की परीक्षा
द्वितीय पाली में कला संकाय के परीक्षार्थियों के लिए जियोग्राफी और वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए बिजनेस स्टडीज विषय की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक कराई गई। जियोग्राफी विषय में 5,51,337 जबकि बिजनेस स्टडीज में 27,532 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। पटना जिले में दोनों पालियों की परीक्षाएं पूरी तरह स्वच्छ, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न हुईं।

आज होगी अंग्रेजी और हिंदी की परीक्षा
इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा के चौथे दिन शुक्रवार को प्रथम पाली में विज्ञान और वाणिज्य संकाय के छात्रों के लिए अंग्रेजी विषय की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक आयोजित होगी। वहीं, द्वितीय पाली में कला संकाय और व्यावसायिक पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए हिंदी विषय की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.