बंगाल चुनाव से पहले BJP का ‘भरोसा पत्र’ जारी, महिलाओं को 3000 रुपये महीना और 6 महीने में UCC लागू करने का बड़ा वादा

0 34

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। कोलकाता में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ‘भरोसा पत्र’ नाम से पार्टी का विजन डॉक्यूमेंट लॉन्च किया। मंच से दिया गया संदेश साफ था—“भय नहीं, भरोसा” के नारे के साथ पार्टी ने राज्य की जनता को नए विकल्प का भरोसा दिलाने की कोशिश की।

‘विकसित बंगाल’ का रोडमैप, निराशा से बाहर निकालने का दावा

घोषणापत्र जारी करते हुए अमित शाह ने कहा कि यह संकल्प पत्र बंगाल को गहरी निराशा से बाहर निकालने का रास्ता दिखाता है। उन्होंने दावा किया कि इसमें ‘विकसित बंगाल’ का पूरा खाका तैयार किया गया है और राज्य के हर वर्ग को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई गई हैं।

महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये, UCC लागू करने का ऐलान

घोषणापत्र की सबसे बड़ी घोषणा महिलाओं के लिए की गई है। BJP ने वादा किया है कि अगर राज्य में उसकी सरकार बनती है तो महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही 6 महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का भी बड़ा ऐलान किया गया है।

सरकारी कर्मचारियों और कानून व्यवस्था पर फोकस

पार्टी ने अपने वादों में सरकारी कर्मचारियों के लिए 45 दिनों के भीतर सातवां वेतन आयोग लागू करने की बात कही है। इसके अलावा घुसपैठ के मुद्दे पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई का वादा किया गया है। घोषणापत्र में यह भी कहा गया है कि हिंसा और घोटालों की जांच के लिए रिटायर्ड सुप्रीम कोर्ट जज की अध्यक्षता में कमेटी बनाई जाएगी, जो दोषियों को सजा दिलाएगी।

PM मोदी की 6 गारंटी भी शामिल

घोषणापत्र में नरेंद्र मोदी की 6 गारंटी को भी शामिल किया गया है। इनमें कानून व्यवस्था को मजबूत करना, भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई, सरकारी सिस्टम को जनता के प्रति जवाबदेह बनाना और शरणार्थियों को अधिकार देने जैसे मुद्दे प्रमुख हैं। साथ ही घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भी वादा किया गया है।

अमित शाह की ताबड़तोड़ रैलियां

घोषणापत्र जारी करने के बाद अमित शाह पश्चिमी मेदिनीपुर में चुनावी रैलियों के जरिए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे। उनकी पहली रैली डेबरा के बालिचक क्षेत्र में दोपहर 3 बजे प्रस्तावित है, जबकि दूसरी रैली खड़गपुर सदर में शाम 5 बजे आयोजित होगी।

बंगाल की सियासत में इस घोषणापत्र के बाद मुकाबला और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि इन वादों का असर मतदाताओं पर कितना पड़ता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.