यूपी के बरेली में पंचायत के दौरान खूनी वारदात: दामाद ने सास और साले की हत्या की, पत्नी पर भी किया जानलेवा हमला

0 27

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में सोमवार को दिनदहाड़े हुई डबल मर्डर की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत अचानक खूनी घटना में बदल गई, जब एक युवक ने चाकू निकालकर अपनी पत्नी, सास और साले पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।

पंचायत के दौरान अचानक किया हमला

पूरा मामला इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव का है। जानकारी के अनुसार अफसर खान नाम के युवक का अपनी 24 वर्षीय पत्नी शायमा के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच बढ़ते झगड़े को खत्म करने के लिए सोमवार को गांव में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे। इसी दौरान अचानक अफसर खान ने चाकू निकाल लिया और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया।

हमले में उसकी 45 वर्षीय सास आसमा और 19 वर्षीय साले आदिल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं हमले में अफसर खान की पत्नी शायमा भी बुरी तरह घायल हो गई, जिसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अफसर खान मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पत्नी ने पहले ही दी थी धमकी की शिकायत

पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों ने बताया कि अफसर खान का स्वभाव बेहद गुस्सैल था और वह अक्सर मारपीट करता था। उसके व्यवहार से परेशान होकर पत्नी मायके में रहने लगी थी और उसने ससुराल लौटने से साफ इनकार कर दिया था। हालांकि आरोपी उसे जबरन अपने साथ ले जाने की जिद कर रहा था।

बताया जा रहा है कि पत्नी ने 15 मार्च को इज्जतनगर थाने में लिखित शिकायत दी थी, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उसका पति उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। इसी विवाद को खत्म करने के लिए गांव के ही रशीद नामक व्यक्ति के घर पंचायत बुलाई गई थी, जहां यह खूनी घटना हो गई।

ग्रामीणों ने पुलिस पर उठाए सवाल

घटना के बाद गांव में लोगों का गुस्सा भी देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस ने महिला की शिकायत पर समय रहते कार्रवाई की होती, तो इस जघन्य वारदात को रोका जा सकता था।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी अफसर खान का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि वर्ष 2022 में उसने अपने सगे मामा की हत्या भी की थी और उस मामले में जेल भी गया था। बाद में अदालत से जमानत मिलने के बाद वह गांव लौटा था, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.