पूरे उत्तर भारत में हाड़ गलाने वाली ठंड, दिल्ली के अलावा इन राज्यों में बारिश का अलर्ट; जानें मौसम का हाल

0 23

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड जारी है। यहां बीते कई दिनों से तेज हवाओं की वजह से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की जा रही है। इस बीच शुक्रवार की सुबह राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबादी भी हुई, जिसके बाद ठंड और अधिक बढ़ने के आसार जताए जा रहे हैं। बता दें कि मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए घने कोहरे का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है जबकि न्यूनतम तापमान के लगभग छह डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान के लगभग 17 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। गुरुवार को राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

यूपी में कड़ाके की ठंड
यूपी में भी ठंड की वजह से लोगों का हाल बेहाल है। यहां कई इलाकों में तेज हवाओं की वजह से ठंड में कोई कमी नहीं दर्ज की गई है। हालांकि दिन में धूप निकलने की वजह से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिल रही है। मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों तक मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में शीत और अधिक कोहरे को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन ठंड से राहत भी नहीं मिलने वाली है। वहीं मौसम विभाग ने अगले सप्ताह से प्रदेश भर में फिर से शीतलहर की आशंका जताई है।

पहाड़ी राज्यों में घने कोहरे की आशंका
पहाड़ी राज्यों की बात करें तो यहां भी ठंड काफी ज्यादा पड़ रही है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों में अगले 4-5 दिनों तक घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। ठंड की वजह से यहां लोग दिन में भी बाहर निकलने से बच रहे हैं। कश्मीर में भी कुछ इसी तरह के हालात हैं। यहां कई इलाकों में तापमान माइनस में चल रहा है। वहीं कई इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल रही है। कश्मीर में लोगों को अनावश्यक बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई है।

इन राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट
एक तरफ जहां उत्तर भारत में ठंड से आमजन परेशान हैं तो वहीं दक्षिण भारत के अधिकतर राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसमें तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में बंगाल की खाड़ी में गहरा अवदाब के कारण 9-10 जनवरी को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां कई जिलों में यलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। इसके अलावा समुद्री मछुवारों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। समुद्र में लगातार ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.