रिलीज से पहले ही ‘O Romeo’ का बॉक्स ऑफिस धमाका, शाहिद कपूर की फिल्म ने एडवांस बुकिंग में कमाए करोड़ों

0 31

नई दिल्ली। रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ और सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ के बाद अब सिनेमाघरों में एक और बड़ी रिलीज दस्तक देने जा रही है। शाहिद कपूर की बहुप्रतीक्षित एक्शन ड्रामा फिल्म ‘ओ रोमियो’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में छा गई है। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहिद कपूर बिल्कुल अलग और दमदार अवतार में नजर आने वाले हैं, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

एडवांस बुकिंग में दिखा जबरदस्त क्रेज
फिल्म की एडवांस बुकिंग 10 फरवरी 2026 से देशभर में शुरू हुई और शुरुआती दो दिनों में ही टिकट बिक्री ने मजबूत रफ्तार पकड़ ली। ट्रेलर रिलीज के बाद जो उत्साह फैंस के बीच दिखा था, वही रुझान टिकट खिड़की पर भी नजर आया है, जिससे मेकर्स को रिलीज से पहले ही अच्छी कमाई हो चुकी है।

दो दिन में 50 हजार से ज्यादा टिकट बिके
सैकनलिक डॉट कॉम के आंकड़ों के मुताबिक शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, तमन्ना भाटिया, दिशा पाटनी और नाना पाटेकर स्टारर इस मल्टीस्टारर फिल्म के लगभग 50,361 टिकट महज दो दिनों में बिक चुके हैं। फिल्म को अब तक कुल 8,365 शो आवंटित किए गए हैं। टिकट बिक्री से एडवांस बुकिंग ग्रॉस कलेक्शन करीब 1.18 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। अभी रिलीज से पहले का समय बाकी है और अनुमान लगाया जा रहा है कि यह आंकड़ा 2 करोड़ रुपये तक भी पहुंच सकता है।

ओपनिंग डे कलेक्शन को लेकर बड़ी उम्मीदें
ट्रेड अनुमानों के अनुसार फिल्म पहले दिन 10 से 15 करोड़ रुपये तक की ओपनिंग ले सकती है। यदि ऐसा होता है तो ‘ओ रोमियो’ साल की शुरुआती बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल हो सकती है।

गैंगस्टर अवतार में दिखेंगे शाहिद कपूर
फिल्म में शाहिद कपूर ‘उस्तरा’ नाम के किरदार में नजर आएंगे, जो 1980–90 के दशक के कुख्यात गैंगस्टर हुसैन शेख उर्फ ‘हुसैन उस्तरा’ से प्रेरित बताया जा रहा है। कहानी में शाहिद एक कॉन्ट्रैक्ट किलर की भूमिका निभा रहे हैं, जो अपने टैटू और गुस्सैल अंदाज के लिए पहचाना जाता है। विशाल भारद्वाज और शाहिद कपूर की यह चौथी फिल्म है। इससे पहले दोनों ‘कमीने’, ‘रंगून’ और ‘हैदर’ में साथ काम कर चुके हैं, जिनमें से दो फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थीं। ‘ओ रोमियो’ 13 फरवरी को, वैलेंटाइन डे से एक दिन पहले सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.