Box Office Sunday Report: संडे को बॉक्स ऑफिस पर भिड़ीं तीन फिल्में, ‘Border 2’ की रिकॉर्डतोड़ कमाई, जानिए ‘मर्दानी 3’ और ‘वध 2’ का हाल
नई दिल्ली। वीकेंड का आखिरी दिन यानी रविवार बॉक्स ऑफिस के लिहाज से हमेशा अहम माना जाता है। छुट्टी के चलते सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ती है और इसका सीधा फायदा फिल्मों की कमाई पर पड़ता है। इस रविवार भी बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त घमासान देखने को मिला, जहां ‘Border 2’ ने एक बार फिर अपनी बादशाहत साबित की, वहीं ‘मर्दानी 3’ और ‘वध 2’ की कमाई का ग्राफ अलग-अलग ट्रैक पर नजर आया।
Border 2 Box Office Collection Day 17
सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर ‘Border 2’ लगातार बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है। 30 करोड़ रुपये की दमदार ओपनिंग के साथ रिलीज हुई इस वॉर एक्शन फिल्म ने तीसरे हफ्ते में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म 300 करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन 450 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है।
तीसरे रविवार यानी 17वें दिन ‘Border 2’ ने 6.90 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसके बाद भारत में इसका कुल कलेक्शन 309.4 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। 23 जनवरी को रिलीज हुई यह फिल्म दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है।
Mardani 3 Box Office Collection
रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ का यह दूसरा रविवार रहा। फिल्म ने 4 करोड़ रुपये की अपेक्षाकृत धीमी ओपनिंग के साथ शुरुआत की थी। पहले हफ्ते में जहां कमाई में तेजी देखने को मिली, वहीं दूसरे हफ्ते में ग्राफ थोड़ा नीचे जाता नजर आया। हालांकि रविवार को फिल्म की कमाई में हल्की बढ़त देखने को मिली और इस दिन ‘मर्दानी 3’ ने 4 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
ह्यूमन ट्रैफिकिंग जैसे गंभीर मुद्दे पर आधारित यह फिल्म रानी मुखर्जी की सुपरहिट ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त है, जिसमें उन्होंने एक बार फिर दमदार लीड रोल निभाया है।
Vadh 2 Box Office Collection
संजय मिश्रा और नीना गुप्ता स्टारर क्राइम थ्रिलर ‘वध 2’ की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर काफी धीमी रही है। 6 फरवरी को रिलीज हुई फिल्म ने पहले दिन महज 0.5 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके बाद शनिवार को फिल्म का कलेक्शन 1 करोड़ और रविवार को भी 1 करोड़ रुपये रहा।
इस तरह ओपनिंग वीकेंड के बाद ‘वध 2’ का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 2.50 करोड़ रुपये तक पहुंच पाया है।
फिल्म की टीम और बैकग्राउंड
‘वध 2’ को जसपाल सिंह संधू ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म को लव फिल्म्स के बैनर तले लव रंजन और अंकुर गर्ग ने प्रोड्यूस किया है। यह साल 2022 में आई फिल्म ‘वध’ का स्पिरिचुअल सीक्वल है, जिसमें एक बार फिर संजय मिश्रा और नीना गुप्ता मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।