बिहार लोक सेवा आयोग ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट bpsconline.bihar.gov.in पर जाकर अपना ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने साफ किया है कि एडमिट कार्ड केवल ऑनलाइन माध्यम से ही उपलब्ध होंगे, डाक के जरिए किसी भी अभ्यर्थी को नहीं भेजे जाएंगे।
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर ई-एडमिट कार्ड की अतिरिक्त प्रति साथ ले जाना अनिवार्य होगा। साथ ही आयोग ने निर्देश दिया है कि उम्मीदवार परीक्षा शुरू होने से कम से कम ढाई घंटे पहले केंद्र पर पहुंचें, जबकि परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। एडमिट कार्ड पर छपा रोल नंबर और बारकोड स्पष्ट होना जरूरी है।
14 से 21 अप्रैल तक तीन चरणों में परीक्षा
बीपीएससी एईडीओ परीक्षा का आयोजन 14 से 21 अप्रैल 2026 के बीच किया जाएगा। परीक्षा तीन चरणों में होगी, जिसमें 14 और 15 अप्रैल को पहला चरण, 17 और 18 अप्रैल को दूसरा चरण और 20 व 21 अप्रैल को तीसरा चरण आयोजित किया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत राज्यभर में 746 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और लगभग 11 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
935 पदों के लिए 12 लाख से ज्यादा आवेदन
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 935 पदों को भरा जाना है, जिसके लिए 12 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। आंकड़ों के अनुसार एक पद के लिए औसतन 1283 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है, जिससे इस परीक्षा की प्रतिस्पर्धा का अंदाजा लगाया जा सकता है। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को देखते हुए आयोग ने परीक्षा को तीन चरणों में आयोजित करने का निर्णय लिया है।
सिर्फ लिखित परीक्षा, इंटरव्यू नहीं
चयन प्रक्रिया में केवल एक चरण की लिखित परीक्षा होगी, इंटरव्यू का प्रावधान नहीं रखा गया है। परीक्षा ऑब्जेक्टिव टाइप होगी और इसमें नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक-तिहाई अंक काटे जाएंगे।
लिखित परीक्षा में तीन पेपर शामिल होंगे। पहले पेपर में सामान्य भाषा के तहत सामान्य अंग्रेजी (30 अंक) और सामान्य हिन्दी (70 अंक) से कुल 100 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसकी अवधि 2 घंटे होगी। दूसरे पेपर में सामान्य अध्ययन के 100 प्रश्न होंगे, जो 100 अंकों के होंगे और समय 2 घंटे रहेगा। तीसरा पेपर सामान्य योग्यता का होगा, जिसमें 100 प्रश्न 100 अंकों के लिए पूछे जाएंगे और इसकी अवधि भी 2 घंटे तय की गई है।
कैटेगरी वाइज पदों का ब्योरा
इस भर्ती में कुल 935 पदों में से 374 पद अनारक्षित हैं। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 93 पद, अनुसूचित जाति के लिए 150 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 10 पद, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 168 पद, पिछड़ा वर्ग के लिए 112 पद और पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए 28 पद आरक्षित किए गए हैं।