देश की विकास यात्रा में प्रमुख इंजन के रूप में अपनी भूमिका निभा रहा है उत्तर प्रदेश: बृजेश सिंह
उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने गिनाईं उपलब्धियां, विकास पुस्तिका का किया विमोचन
गौतम बुद्ध नगर: गौतम बुद्ध नगर में उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार में प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह ने प्रेस वार्ता कर प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर जनपद की 9 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, विधायक जेवर धीरेंद्र सिंह, विधायक दादरी तेजपाल नागर, जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान एवं जिलाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सुशासन, सुरक्षा और विकास को बताया 9 वर्षों की पहचान
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा और समावेशी विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्ष 2017 से शुरू हुई विकास यात्रा ने प्रदेश को अराजकता से व्यवस्था और निराशा से विश्वास की ओर अग्रसर किया है, जिससे “नए भारत के नए उत्तर प्रदेश” की पहचान बनी है।
कानून व्यवस्था में सख्ती, अपराध पर ‘जीरो टॉलरेंस’
उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाई गई। इसके तहत 4000 करोड़ रुपये से अधिक की माफिया संपत्ति जब्त या ध्वस्त की गई, 53 संगठित अपराधी गिरोहों का उन्मूलन हुआ और 977 अपराधियों पर एनएसए के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही 2.19 लाख पुलिसकर्मियों की भर्ती कर पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया और यूपी-112 का रिस्पॉन्स टाइम 1 घंटे से घटाकर 6 मिनट किया गया।

गरीब कल्याण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का विस्तार
अंत्योदय के तहत लगभग 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया। नीति आयोग के अनुसार 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। 5.60 करोड़ आयुष्मान कार्ड जारी कर 9 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा दी गई है। करीब 1 करोड़ निराश्रित महिलाओं, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को मासिक पेंशन दी जा रही है, जिसे बढ़ाने का प्रस्ताव है। गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह हेतु 1 लाख रुपये की सहायता से 5 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित हुए हैं।
महिला सशक्तिकरण में बड़ी प्रगति
महिला सशक्तिकरण के तहत 1.06 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं और 18 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनी हैं। इससे महिला कार्यबल में सहभागिता 13 प्रतिशत से बढ़कर 36 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
कृषि और किसानों के लिए बड़े कदम
कृषि क्षेत्र में खाद्यान्न उत्पादन 557 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 737 लाख मीट्रिक टन तक पहुंचा है। गन्ना किसानों को 3.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया गया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 3.12 करोड़ किसानों को 99 हजार करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में दिए गए।

युवा, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में विस्तार
प्रदेश में 9 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गईं। ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत 40 लाख नए नामांकन हुए, जबकि 49.86 लाख युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए गए। मुख्यमंत्री युवा अभियान के माध्यम से सवा लाख युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा गया।
इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी, निवेश को मिला बढ़ावा
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में 2017 में जहां 2 एक्सप्रेसवे थे, वहीं अब 22 एक्सप्रेसवे पर कार्य चल रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण प्रस्तावित है। एयरपोर्ट की संख्या 2 से बढ़कर 16 हो गई है और 8 निर्माणाधीन हैं। प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित की जा रही है, जबकि 7 शहरों में मेट्रो और दिल्ली-मेरठ के बीच नमो भारत रैपिड रेल संचालित है।
ग्रामीण-शहरी विकास और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
62 लाख से अधिक परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। गांवों में सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। ‘हर घर नल से जल’ योजना के तहत स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
पर्यटन और अर्थव्यवस्था में रिकॉर्ड वृद्धि
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या में विकास कार्यों से पर्यटन को बढ़ावा मिला है। प्रदेश में 156 करोड़ से अधिक पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया है। राज्य का सकल घरेलू उत्पाद 13 लाख करोड़ से बढ़कर लगभग 36 लाख करोड़ हो गया है और प्रति व्यक्ति आय में तीन गुना वृद्धि हुई है। सरकार ने 2029-30 तक प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य तय किया है।