UP में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की बंपर भर्ती, 56,100 रुपये सैलरी; 28 मार्च तक करें आवेदन

0 45

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने ग्रुप बी के पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। नियमों में बदलाव के बाद अब इन पदों पर चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा को अनिवार्य कर दिया गया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत पहले चरण में पर्यावरण अभियंता और सहायक वैज्ञानिक अधिकारी के कुल 40 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 28 मार्च की शाम छह बजे तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

लिखित परीक्षा के बाद होगा साक्षात्कार

भर्ती प्रक्रिया में इस बार बड़ा बदलाव किया गया है। पहले बोर्ड में चयन केवल साक्षात्कार के आधार पर किया जाता था, लेकिन अब प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए लिखित परीक्षा को शामिल किया गया है। परीक्षा का आयोजन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर कराएगा। चयन दो चरणों में होगा। पहले चरण में 400 अंकों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 70 अंकों का साक्षात्कार होगा। दोनों चरणों में प्राप्त कुल 470 अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।

इन पदों के लिए मांगे गए आवेदन

भर्ती के तहत सहायक पर्यावरण अभियंता के 26 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों के पास रसायन, सिविल या पर्यावरण इंजीनियरिंग में स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। वहीं सहायक वैज्ञानिक अधिकारी के 14 पदों के लिए अभ्यर्थी के पास रसायन, जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान या जैव रसायनिकी में पीएचडी के साथ तीन वर्ष का अनुभव या संबंधित विषय में स्नातकोत्तर डिग्री के साथ पांच वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है।

आयु सीमा और वेतनमान

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की आयु एक जुलाई 2025 को न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को पे मैट्रिक्स लेवल-10 के तहत 56,100 रुपये मूल वेतन दिया जाएगा।

आवेदन शुल्क और जरूरी निर्देश

भर्ती के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क दो हजार रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए यह शुल्क एक हजार रुपये रखा गया है। दिव्यांग अभ्यर्थियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि किसी तकनीकी समस्या से बचा जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.