नोएडा में प्लॉट खरीदना होगा सस्ता, अथॉरिटी ने घटाए दो बड़े शुल्क, मेट्रो-एक्सप्रेसवे किनारे प्रॉपर्टी पर बड़ी राहत

0 18

नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा में प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। नोएडा विकास प्राधिकरण ने प्लॉट की कीमतों को प्रभावित करने वाले दो बड़े शुल्कों में कटौती का फैसला लिया है। इसके चलते एक्सप्रेसवे और मेट्रो कॉरिडोर के पास स्थित भूखंड अब पहले के मुकाबले सस्ते हो जाएंगे।

एक्सप्रेसवे किनारे प्लॉट से पूरी तरह हटेगा लोकेशन शुल्क
नोएडा विकास प्राधिकरण ने नोएडा–ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे आवंटित प्लॉटों पर लगने वाले लोकेशन शुल्क को पूरी तरह समाप्त करने का निर्णय लिया है। पहले इन भूखंडों पर 7.5 फीसदी लोकेशन शुल्क लिया जा रहा था। शुल्क खत्म होने से इन प्लॉट्स की कुल कीमतों में सीधी कमी आएगी।

मेट्रो लाइन के पास शुल्क 10% से घटकर 2.5%
प्राधिकरण ने मेट्रो लाइन के किनारे स्थित संपत्तियों पर लगने वाले लोकेशन शुल्क में भी बड़ी कटौती की है। अब तक 10 फीसदी लिया जा रहा यह शुल्क घटाकर महज 2.5 फीसदी कर दिया गया है। इस दोहरी राहत से प्लॉट खरीदने वालों का आर्थिक बोझ काफी कम होगा।

40 से ज्यादा सेक्टरों की दरों पर पड़ेगा असर
अधिकारियों के अनुसार नोएडा में एक्सप्रेसवे का करीब 20 किलोमीटर लंबा हिस्सा आता है। लोकेशन शुल्क खत्म होने से 40 से अधिक सेक्टरों में स्थित आईटी, आईटी-इंस्टीट्यूशनल, कमर्शियल और कॉरपोरेट ऑफिस प्लॉट्स की आवंटन दरों में कमी आएगी।

2019 से लागू था एक्सप्रेसवे लोकेशन चार्ज
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि एक्सप्रेसवे के साथ लगे आईटी, कमर्शियल और कॉरपोरेट ऑफिस प्लॉटों पर वर्ष 2019 से लोकेशन शुल्क लगाया जा रहा था। वहीं फरवरी 2025 में यूनिफाइड पॉलिसी के तहत किसी भी मेट्रो रूट से एक किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी संपत्तियों पर 10 फीसदी शुल्क तय किया गया था।

3 जनवरी की बोर्ड बैठक में मिली मंजूरी
लोकेशन शुल्क हटाने और मेट्रो लाइन के पास शुल्क घटाने के प्रस्ताव को 3 जनवरी को हुई बोर्ड बैठक में मंजूरी दी गई थी। अधिकारियों के मुताबिक इसका सीधा फायदा भविष्य में लॉन्च होने वाली भूखंड योजनाओं में देखने को मिलेगा।

मेट्रो विस्तार से पहले बढ़ गई थीं कीमतें
हाल ही में सेक्टर-142 से बॉटनिकल गार्डन तक नए मेट्रो रूट को मंजूरी मिली है। साथ ही सेक्टर-137 से आगे परी चौक की ओर एक्सप्रेसवे पर मेट्रो संचालन हो रहा है। इन दोनों रूटों के कारण सेक्टर-137 के आगे के भूखंडों पर लोकेशन शुल्क मिलाकर कीमतें करीब 17.5 फीसदी तक बढ़ गई थीं।

अब सिर्फ 2.5% मेट्रो शुल्क लगेगा
नए फैसले के बाद एक्सप्रेसवे किनारे स्थित सेक्टरों में प्राधिकरण अब केवल 2.5 फीसदी मेट्रो लोकेशन शुल्क लगाएगा। इससे मेट्रो और एक्सप्रेसवे के पास प्लॉट खरीदने वालों के लिए यह समय खासा फायदेमंद साबित हो सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.