मिडिल ईस्ट तनाव के बीच केंद्र का भरोसा: पेट्रोल-डीजल के दाम स्थिर, LPG और CNG की सप्लाई पूरी तरह सामान्य
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच केंद्र सरकार ने देश में पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता को लेकर बड़ा आश्वासन दिया है। बुधवार को हुई प्रेस ब्रीफिंग में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने स्पष्ट कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है और आम जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।
पर्याप्त भंडार, पूरी क्षमता से काम कर रहीं रिफाइनरियां
सरकार के मुताबिक, भारत के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है और देश की रिफाइनरियां पूरी क्षमता के साथ संचालन कर रही हैं। भारत की कुल वार्षिक रिफाइनिंग क्षमता करीब 26 करोड़ टन है, जो मौजूदा मांग को पूरा करने में सक्षम है। अधिकारियों ने यह भी साफ किया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है और देशभर के पेट्रोल पंपों पर ईंधन की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है।
अफवाहों से बचने की अपील, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में
सरकार ने पिछले दो दिनों में कुछ इलाकों में देखी गई पैनिक खरीदारी और लंबी कतारों को अफवाहों का असर बताया है। पेट्रोलियम टर्मिनलों पर पर्याप्त स्टॉक होने की जानकारी देते हुए लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सामान्य तरीके से ईंधन खरीदें।
कॉमर्शियल LPG सप्लाई में बड़ा इजाफा
एलपीजी की उपलब्धता को मजबूत करने के लिए सरकार ने कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दी है। 21 मार्च को लिए गए इस फैसले के तहत राज्यों को निर्देश दिए गए हैं कि ढाबों, होटलों, औद्योगिक कैंटीनों और प्रवासी मजदूरों को प्राथमिकता दी जाए। अब तक 26 राज्यों को करीब 22 हजार टन कॉमर्शियल एलपीजी आवंटित की जा चुकी है, जबकि मंगलवार को ही लगभग 30 हजार 5 किलो के सिलेंडर जारी किए गए।
घरेलू LPG सप्लाई और डिलीवरी सामान्य
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि घरेलू एलपीजी की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में 92 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन हो रही है और सिलेंडर की डिलीवरी पूरी तरह सामान्य तरीके से की जा रही है।
PNG कनेक्शन तेजी से बढ़े, लाखों उपभोक्ता हुए शिफ्ट
पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के विस्तार को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने प्रक्रिया को आसान बनाया है। पिछले 25 दिनों में 2.5 लाख नए पीएनजी कनेक्शन जारी किए गए हैं, जबकि 2.2 लाख उपभोक्ता एलपीजी से पीएनजी पर शिफ्ट हो चुके हैं। इसके अलावा 2.5 लाख नए रजिस्ट्रेशन भी दर्ज किए गए हैं। सरकार का कहना है कि घरेलू पीएनजी उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है।
CNG की सप्लाई भी पर्याप्त, कंपनियों के प्रोत्साहन ऑफर
परिवहन क्षेत्र के लिए सीएनजी की उपलब्धता भी पूरी तरह सामान्य बताई गई है। कई कंपनियां उपभोक्ताओं को आकर्षित करने के लिए 500 रुपये तक की फ्री गैस या सिक्योरिटी डिपॉजिट में छूट जैसे ऑफर दे रही हैं। सरकार ने राज्यों को अतिरिक्त 10 प्रतिशत कॉमर्शियल एलपीजी देने का प्रस्ताव भी रखा है, बशर्ते वे पीएनजी नेटवर्क के विस्तार में सहयोग करें।
ऊर्जा बचत और सामान्य व्यवहार की अपील
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग करें और अनावश्यक खपत से बचें। साथ ही, सामान्य तरीके से गैस सिलेंडर बुक करने और किसी भी तरह की अफवाह से दूर रहने को कहा गया है।
मिडिल ईस्ट से भारतीयों की सुरक्षित वापसी जारी
प्रेस ब्रीफिंग में यह भी बताया गया कि मिडिल ईस्ट में मौजूद सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। डीजी शिपिंग की मदद से अब तक 635 से अधिक भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा चुकी है। वहीं, 28 फरवरी से अब तक इस क्षेत्र से लगभग 4 लाख 26 हजार यात्री भारत लौट चुके हैं।