मौसम का बदला मिजाज: अगले 5 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में तेज हवाएं और ओलावृष्टि की चेतावनी
देश के कई हिस्सों में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग ने 15 से 19 मार्च के बीच देश के कई राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में 50 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है। वहीं दूसरी ओर देश के कुछ हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे हीटवेव का खतरा भी बना हुआ है।
दिल्ली-उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज हवा और बारिश की संभावना
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश में 15 और 16 मार्च के दौरान कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान में 18 और 19 मार्च को जबकि पूर्वी राजस्थान में भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 15 और 16 मार्च के दौरान ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश में 15 से 19 मार्च के बीच कई स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पूर्वी भारत में भी बारिश का असर
पूर्वी भारत के कई राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 15 से 17 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। ओडिशा में 14 से 18 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश में भी 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी जारी की है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है।
दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम
दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है। तेलंगाना में 15 से 18 मार्च के बीच गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश में 16 मार्च को भारी बारिश हो सकती है।
कर्नाटक और तमिलनाडु में 17 और 18 मार्च को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं केरल में 15 और 16 मार्च के दौरान गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
गुजरात में भी बदलेगा मौसम का रुख
पश्चिमी भारत में भी मौसम का असर दिखाई दे सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 मार्च को गुजरात के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कुछ राज्यों में हीटवेव का भी खतरा
जहां कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा, वहीं कुछ क्षेत्रों में गर्मी भी बढ़ सकती है। विदर्भ, झारखंड और ओडिशा में उष्ण लहर चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा कोंकण, गोवा और केरल के कुछ हिस्सों में गर्म और आर्द्र मौसम बने रहने का अनुमान है।