मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मिलेनियम पब्लिक स्कूल स्थित नोटिस सुनवाई केंद्र का किया निरीक्षण
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने आज जनपद भ्रमण के दौरान अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने मिलेनियम पब्लिक स्कूल, सेक्टर 119 नोएडा स्थित नोटिस सुनवाई केंद्र का निरीक्षण किया तथा पंचशील बालक इंटर कॉलेज, सेक्टर 91 नोएडा में विधानसभा 61-नोएडा, 62-दादरी एवं 63-जेवर के बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से संवाद स्थापित किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सर्वप्रथम मिलेनियम पब्लिक स्कूल स्थित नोटिस सुनवाई केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं, कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण व्यवस्था एवं नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र पर उपस्थित नागरिकों एवं मतदाताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ में RWA व AOA द्वारा उत्कृष्ट सहयोग करने पर प्रशंसा की, उनके द्वारा पूर्ण सहयोग जो किया जा रहा है उनसे वार्ता कर सुझाव भी लिए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस सुनवाई केंद्रों पर आने वाले नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से ही संभव है और प्रशासन का दायित्व है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार के प्रयोग में कोई असुविधा न हो, साथ में उन्होंने लोकल स्तर पर जाकर लोकल स्तर पर कैम्प रखने के निर्देश दिए ताकि सभी के लिए सुविधाजनक रहें। इसी तर्ज पर ज़िले में 114 विशेष कैम्प आयोजित किए हैं बूथ व सोसाइटी स्तर पर ताकि नागरिकों को तकलीफ़ ना हो। साथ में सभी के सुविधा के लिए बीएलओ स्तर पर सुनवाई, विडोइकॉल पर वेरिफिकेशन व सॉफ्ट कॉपी पर आईडी चेक करने की पहल के बारे में जानकारी करी ।

निरीक्षण के उपरांत पंचशील बालक इंटर कॉलेज नोएडा में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से मतदाता सूची के अद्यतन कार्य, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, स्थानांतरण एवं विलोपन से संबंधित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर बीएलओ एवं सुपरवाइजरों ने अपने अनुभव भी साझा किए व उनके काम की तारीफ़ की व प्रोत्साहन दिया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य में विशेष सतर्कता बरतते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल किया जाना आवश्यक है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जहां जनसुनवाई केंद्रों पर फार्म 06 एवं मैपिंग कार्य के लिए अधिक संख्या में नागरिक आ रहे हैं, वहां जिला प्रशासन द्वारा आवश्यकतानुसार कैंप आयोजित कर कार्य सुगमता से संपन्न कराया जाए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को जनपद में संचालित विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति, जनजागरूकता गतिविधियों तथा बीएलओ के माध्यम से किए जा रहे घर घर सत्यापन कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को संबोधित करते हुए कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन आयोग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और इसके प्रभावी क्रियान्वयन में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनपद में निर्वाचन तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सजगता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 243 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र एवं ओडीओपी उपहार भेंट कर सम्मानित भी किया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन और सतत सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया तथा आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन इस अभियान को पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ सफल बनाएगा। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा वंदना त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी जेवर अभय कुमार सिंह, समस्त सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित रहे।