नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में रसोई गैस को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी तरह की कमी नहीं है। लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि घबराहट में अनावश्यक भीड़ न लगाएं, क्योंकि सिलेंडर की समय पर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है।
सरकार का एक्शन: कालाबाजारी पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने बताया कि एलपीजी को लेकर किसी भी तरह की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। इसके तहत एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और लगातार छापेमारी की जा रही है। सरकार का कहना है कि आपूर्ति व्यवस्था पर पूरी नजर रखी जा रही है ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो।
CMO का बयान: 22 जगह छापेमारी, एक FIR दर्ज
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी के मुताबिक, एलपीजी सप्लाई पूरी तरह स्थिर है। कालाबाजारी पर नियंत्रण के लिए 22 स्थानों पर छापेमारी की गई है और एक मामला दर्ज किया गया है। साथ ही निगरानी लगातार जारी है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी समस्या या सूचना के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 011-23379836 और 8383824659 पर संपर्क करें।
3 अप्रैल के आंकड़े: सप्लाई से ज्यादा डिलीवरी
सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, 3 अप्रैल को 1,11,504 से ज्यादा एलपीजी बुकिंग दर्ज की गईं, जबकि तीन तेल विपणन कंपनियों ने 1,26,379 सिलेंडर की डिलीवरी की। इससे साफ है कि मांग के मुकाबले सप्लाई बेहतर स्थिति में है।
डिलीवरी टाइम घटकर 4 दिन
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दिल्ली में एलपीजी सिलेंडर की औसत डिलीवरी का समय अब घटकर करीब 4 दिन रह गया है। इससे उपभोक्ताओं को समय पर और घर तक सेवा मिल रही है, जिससे परेशानी कम होगी।
प्रदूषण नियंत्रण पर भी सरकार का फोकस
इस दौरान सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण के लिए चल रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। बताया गया कि शॉर्ट, मिड और लॉन्ग टर्म योजनाओं पर काम जारी है। राजधानी में 4000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें, मजबूत मेट्रो नेटवर्क और बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम विकसित किया जा रहा है, ताकि लोग निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें। साथ ही ग्रीन कवर बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।