CM Teacher Cashless Scheme: गौतमबुद्धनगर में 40 शिक्षकों को मिले कैशलेस हेल्थ कार्ड, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत रविवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडीटोरियम में जनपद स्तरीय कैशलेस कार्ड वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। इस दौरान आगरा में आयोजित मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने देखा।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के बाद मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हुआ।
समारोह में विधायक दादरी तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार, भाजपा जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, भाजपा जिला महामंत्री वीरेंद्र भाटी, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर सहित अन्य अधिकारी, प्रधानाचार्य, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
शिक्षकों के सम्मान और सुरक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध: तेजपाल नागर
विधायक दादरी तेजपाल नागर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उनके अनुसार यह योजना शिक्षकों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करेगी, जिससे वे राष्ट्र निर्माण में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे।
शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला: भाल चंद्र त्रिपाठी
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की यह योजना शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ आर्थिक सुरक्षा भी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने पात्र शिक्षकों से योजना का अधिकतम लाभ लेने की अपील की।
40 शिक्षकों को वितरित किए गए कैशलेस कार्ड
कार्यक्रम के अंत में विधायक तेजपाल नागर ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत 40 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। कार्ड प्राप्त करने वाले शिक्षकों ने योजना के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की और इसे सरकार की महत्वपूर्ण पहल बताया।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने जताया आभार
समारोह के समापन पर जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और उपस्थित प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों को धन्यवाद भी दिया।