22 जनवरी को मेरठ आ सकते हैं सीएम योगी, मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय के निरीक्षण की संभावना

0 205

मेरठ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 22 जनवरी को मेरठ दौरे की संभावना बन रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर सकते हैं। वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बुधवार को मेरठ पहुंचेंगे और गुरुवार को भी जनपद में ही रहेंगे।

सीएम कार्यालय से संकेत मिलते ही हरकत में आया प्रशासन
मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय से मौखिक सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। पहले अधिकारियों के साथ बैठक की गई, इसके बाद सलावा स्थित खेल विश्वविद्यालय पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया गया। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री इस दौरान समीक्षा बैठक भी कर सकते हैं।

आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं, लेकिन तैयारियां तेज
हालांकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मेरठ आगमन का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है, लेकिन मंगलवार शाम से ही जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत तमाम अधिकारी सक्रिय नजर आए। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक की, इसके बाद एसएसपी, एसडीएम और खेल विभाग के अधिकारियों के साथ खेल विश्वविद्यालय पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

खेल विश्वविद्यालय के कार्यों में तेजी के निर्देश
अधिकारियों ने बताया कि खेल विश्वविद्यालय के पहले चरण का निर्माण कार्य जून और दूसरे चरण का कार्य अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

देवबंद कार्यक्रम से जुड़ सकता है सीएम का दौरा
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के कार्यक्रम में गुरुवार को देवबंद में लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर ब्रजेश सिंह के पिता को श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम शामिल है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उसी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं और इसके बाद सलावा स्थित खेल विश्वविद्यालय का दौरा करेंगे। यहां वे निरीक्षण के साथ-साथ कानून व्यवस्था को लेकर बैठक भी कर सकते हैं।

प्रशासन और भाजपा संगठन सतर्क
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक कार्यक्रम प्राप्त नहीं हुआ है। वहीं भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने भी मुख्यमंत्री के संभावित आगमन की पुष्टि करते हुए तैयारियों की बात कही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.