सीएम योगी बोले- ‘पूरे देश में उद्यमियों के लिए निवेश का सबसे पसंदीदा स्थल आज उत्तर प्रदेश है’

0 68

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में आयोजित निवेश मित्र 3.0 ‘सिंगल विंडो सिस्टम’ के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होकर प्रदेश में निवेश और उद्योगों के विकास को लेकर बड़ी घोषणा की। इस मौके पर भूमि आवंटन, LOC एवं पात्रता प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया, ₹2,781 करोड़ की सब्सिडी राशि हस्तांतरित की गई और उत्तर प्रदेश प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट पॉलिसी-2025 व DBFOT मॉडल पर प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल शेड्स के विकास हेतु नई पॉलिसी की शुरुआत की गई।

‘सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म से निवेशकों को मिलेगा सहज अनुभव’
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि निवेश मित्र 3.0 एक ऐसा सिंगल विंडो प्लेटफॉर्म है जो निवेशकों को सहज, पारदर्शी और पूर्वानुमान योग्य अनुभव प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से 43 से अधिक विभागों की 530 से ज्यादा सेवाओं को समेकित कर केवल 200 सेवाओं तक सीमित किया गया है, जिससे निवेश प्रक्रिया सरल और तेज होगी।

उत्तर प्रदेश देश का निवेश हब
मुख्यमंत्री ने कहा, “पूरे देश में उद्यमियों के लिए निवेश का सबसे पसंदीदा स्थल आज उत्तर प्रदेश है। उत्तर प्रदेश को भारत का फूड बास्केट कहा जाता है। प्रदेश के पास देश की कुल कृषि योग्य भूमि का केवल 11 प्रतिशत हिस्सा है, लेकिन खाद्यान्न उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी 21 प्रतिशत है।”

‘राज्य में निवेश के लिए अपार संभावनाएं’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए अपार अवसर मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में देश का सबसे बड़ा 75,000 एकड़ का लैंड बैंक उपलब्ध है। बेहतर कनेक्टिविटी और अनुकूल व्यावसायिक वातावरण के साथ सरकार निवेशकों को हर तरह से प्रोत्साहित कर रही है।

‘उद्यमी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़’
सीएम ने उद्यमियों की अहमियत पर जोर देते हुए कहा, “उद्यमी देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। कोई भी उद्योग केवल निवेश ही नहीं लाता, बल्कि कनेक्टिविटी को मजबूत करता है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करता है। उत्तर प्रदेश सरकार उद्योगों के सशक्त विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.