गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 205 शिकायतें दर्ज, 10 का मौके पर निस्तारण
गौतमबुद्धनगर: जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों जेवर, दादरी एवं सदर में आज संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कुल 205 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 10 शिकायतों का निस्तारण संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
तहसील दादरी में मुख्य विकास अधिकारी डॉ शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 132 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 07 का मौके पर निस्तारण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने जनसामान्य की शिकायतों का अनुश्रवण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का स्थलीय सत्यापन कर समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन को बाल विवाह रोकथाम, नशा मुक्ति तथा मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई। शपथ के माध्यम से समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा के उन्मूलन, नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा 18 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने का संकल्प लिया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ नरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, तहसीलदार दादरी प्रतीक चौहान, पुलिस विभाग के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में तहसील जेवर में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 65 शिकायतें दर्ज की गई, जिनमें से 01 शिकायत का निस्तारण मौके पर किया गया। वहीं तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 08 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।