गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न, डीएम ने जेवर में सुनी फरियादियों की शिकायतें; 200 शिकायतें दर्ज, 9 का मौके पर निस्तारण

0 23

जनपद गौतम बुद्ध नगर में आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज तीनों तहसीलों जेवर, दादरी और सदर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 200 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 09 शिकायतों का निस्तारण संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए विभागों को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीएम ने जेवर तहसील में की संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता, शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर ने तहसील जेवर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का स्थलीय सत्यापन कर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जेवर तहसील में कुल 90 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 02 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया गया, जबकि शेष शिकायतों के लिए विभागीय स्तर पर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर शिवाकांत द्विवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, तहसीलदार जेवर ओमप्रकाश पासवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

दादरी तहसील में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने सुनीं 104 शिकायतें
तहसील दादरी में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यहां कुल 104 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 06 शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही संबंधित अधिकारियों के माध्यम से किया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

सदर तहसील में 6 शिकायतें दर्ज, 1 का मौके पर निस्तारण
तहसील सदर में अपर जिलाअधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 6 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 1 शिकायत का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। अन्य शिकायतों के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिले की तीनों तहसीलों में आयोजित इस संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता जनसमस्याओं का त्वरित समाधान है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.