कांग्रेस का दिल्ली अध्यक्ष व हरियाणा प्रभारी पर एक्शन, बिहार में नया प्रभारी नियुक्त…भूपेश बघेल को बड़ी जिम्मेदारी
नई दिल्लीः देश के कई राज्यों में विधानसभा चुनाव हारने के बाद कांग्रेस पार्टी ने जिम्मेदार पदाधिकारियों पर एक्शन लेना शुरू कर दिया है। पार्टी में बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ है, जिसमें कई प्रभारियों की छुट्टी कर दी गई है। वहीं कुछ लोगों को नई जिम्मेदारियां मिली हैं।
दिल्ली चुनाव में हार के बाद कांग्रेस ने दिल्ली अध्यक्ष देवेंद्र यादव की छुट्टी कर दी है। इसके अलावा हरियाणा के नेताओं में खींचतान को खत्म न कर पाने और चुनावी हार के बाद दीपक बाबरिया को प्रभारी पद से मुक्त कर दिया है। इनके अलावा भरत सिंह सोलंकी, अजय कुमार और मोहन प्रकाश से पद छीन लिया गया है।
वहीं कांग्रेस 11 नेताओं को नई जिम्मेदारी सौंपी हैं। जिसमें 2 महासचिव व 9 प्रभारी बनाए गए हैं। इन नियुक्ति में सबसे अहम नियुक्ति छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की है। उन्हें पंजाब का महासचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सांसद नासिर हुसैन को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख महासचिव बनाया गया है। नासिह हुसैन कर्नाटक से राज्यसभा सांसद हैं।

इसके अलावा अहम बदलाव बिहार में हुआ है। बिहार में अगाामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रभारी नियुक्त किया है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी कृष्णा अल्लावरू को बिहार का प्रभार सौंपा गया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को ओडिशा का इंचार्ज नियुक्त किया गया है।
इस बदलाव के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिवों की कुल संख्या 12 से बढ़कर 13 हो गई है। पार्टी ने रजनी पाटिल को हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़, हरिप्रसाद को हरियाणा, हरीश चौधरी को मध्यप्रदेश, गिरीश चोडानकर को तमिलनाडु एवं पुडुचेरी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को ओडिशा, के. राजू को झारखंड, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना, लोकसभा सदस्य सप्तगिरि उलाका को मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नगालैंड तथा कृष्णा अल्लावरू को बिहार का प्रभारी बनाया गया है।