नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम में शिलांग-सिलचर कॉरिडोर परियोजना का भूमि पूजन किया और इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। प्रधानमंत्री ने कहा कि असम की जनता ने कांग्रेस को राज्य से बाहर कर दिया है और अब देश के अलग-अलग राज्यों में भी लोग कांग्रेस को सबक सिखा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है और आने वाले समय में पार्टी हार की सेंचुरी लगाने की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि चुनावी पराजयों से हताश होकर कांग्रेस अब देश के खिलाफ ही मोर्चा खोलने में लगी हुई है।
कांग्रेस की हताशा पर पीएम मोदी का तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने आयोजित एआई समिट के दौरान भारत मंडपम में कांग्रेस सदस्यों के विरोध प्रदर्शन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एआई समिट को बदनाम करने की कोशिश में कांग्रेस ने अजीबोगरीब तरीका अपनाया और सार्वजनिक रूप से अपने ही कपड़े फाड़कर प्रदर्शन किया।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की हालत ऐसी हो गई है कि हताशा में उसके नेताओं के पास अब अपने ही कपड़े फाड़ने के अलावा कुछ बचा नहीं है। उन्होंने इस प्रकार के विरोध प्रदर्शन की कड़ी आलोचना की।
असम के युवाओं के सामने अवसरों का खुला आसमान
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में असम के विकास और युवाओं के भविष्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक असम को ‘बांटो और राज करो’ की नीति की प्रयोगशाला बना दिया था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं और राज्य के युवाओं के सामने अवसरों का खुला आसमान है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वर्षों तक पूर्वोत्तर क्षेत्र को उसके हाल पर छोड़ दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के समय सीमा निर्धारण इस तरह किया गया कि बराक घाटी का समुद्र से संपर्क पूरी तरह कट गया, जिससे क्षेत्र की आर्थिक क्षमता को बड़ा नुकसान हुआ।
बराक घाटी के विकास का दावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि बराक घाटी कभी एक प्रमुख व्यापारिक मार्ग और औद्योगिक केंद्र के रूप में जानी जाती थी, लेकिन आजादी के बाद दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस सरकारों ने इसके विकास के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए।
उन्होंने कहा कि अब असम में भाजपा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार बराक घाटी को बदलने और इसे फिर से व्यापार और वाणिज्य के एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए काम कर रही है।
पूर्वोत्तर का पहला हाई-स्पीड एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर
प्रधानमंत्री मोदी ने शिलांग-सिलचर कॉरिडोर परियोजना को पूर्वोत्तर के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जहां कांग्रेस की सोच खत्म हो जाती है, वहीं से उनकी सरकार का काम शुरू होता है। उन्होंने कहा कि यह पूर्वोत्तर क्षेत्र का पहला एक्सेस कंट्रोल्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि यह सिर्फ एक हाईवे परियोजना नहीं है, बल्कि पूर्वोत्तर के लोगों के दशकों के इंतजार के खत्म होने का प्रतीक है और इससे क्षेत्र में विकास की नई गति आएगी।