‘सरके चुनर’ गाने पर बढ़ा विवाद, NHRC का सख्त एक्शन—सेंसर बोर्ड से गूगल इंडिया तक नोटिस जारी

0 4

नई दिल्ली। फिल्म ‘केडीः द डेविल’ के हाल ही में रिलीज हुए गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अब इस मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने गंभीर रुख अपनाते हुए केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और गूगल इंडिया को नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई उस शिकायत के आधार पर की गई है, जिसमें गाने के बोलों को अश्लील और दोहरे अर्थ वाला बताया गया है।

शिकायत में उठाए गए गंभीर सवाल

एनएचआरसी की सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए कहा कि गाने में इस्तेमाल किए गए शब्द खासतौर पर बच्चों के लिए अनुचित हो सकते हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह गाना टीवी, इंटरनेट मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यापक रूप से उपलब्ध है, जिससे नाबालिगों के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि मुख्यधारा के मनोरंजन में इस तरह के कंटेंट की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के बीच अनुचित भाषा और अभिव्यक्ति को सामान्य बना रही है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह बच्चों के अधिकारों और उनके संरक्षण से जुड़े मानवाधिकारों के उल्लंघन का मामला हो सकता है।

दो हफ्ते में मांगी गई रिपोर्ट

आयोग ने मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा-12 के तहत नोटिस जारी करते हुए संबंधित सभी पक्षों को निर्देश दिया है कि वे मामले की जांच कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें। नोटिस सीबीएफसी के अध्यक्ष, इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिवों के साथ-साथ गूगल इंडिया के सरकारी मामलों और सार्वजनिक नीति प्रमुख को भेजा गया है।

विवाद बढ़ने पर यूट्यूब से हटाया गया गाना

गाने को लेकर बढ़ते विरोध के बीच निर्माताओं ने ‘सरके चुनर’ को यूट्यूब से हटा लिया है। इस गाने में अभिनेता संजय दत्त और अभिनेत्री नोरा फतेही नजर आए थे और इसे रिलीज के बाद से ही आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। गाने को मंगली ने आवाज दी है, जबकि इसके बोल रकीब आलम ने लिखे हैं और संगीत अर्जुन जन्या का है।

कानूनी कार्रवाई की मांग और सियासी प्रतिक्रिया

इस विवाद ने कानूनी और राजनीतिक रंग भी ले लिया है। वकील और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल ने दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए निर्माताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी इस तरह के कंटेंट पर सख्त नियंत्रण की जरूरत बताई है।

फिल्म की रिलीज पर नहीं पड़ा असर

प्रेम के निर्देशन में बनी फिल्म ‘केडीः द डेविल’ में ध्रुव सरजा मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी, वी रविचंद्रन और नोरा फतेही अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। यह फिल्म कन्नड़, हिंदी, तमिल और तेलुगु समेत कई भाषाओं में 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.