2028 की कल्ट-क्लासिक फिल्म ‘तुम्बाड’ के बाद हॉरर फैंटसी के फैंस के लिए खुशखबरी है। 2024 में री-रिलीज होने के बाद फिल्म ने 30 करोड़ से अधिक का कलेक्शन कर रिकॉर्ड बनाया था। इसी सफलता के बीच मेकर्स ने ‘तुम्बाड 2’ का ऐलान किया और अब इसका पहला मोशन पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसने दर्शकों के बीच खलबली मचा दी है।
सोहम शाह ने दिए प्रलय के संकेत
फिल्म के निर्माता और मुख्य कलाकार सोहम शाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मोशन पोस्टर शेयर किया। पोस्टर में ‘पूर्ति की देवी’ की मूर्ति दिखाई गई है और पोस्टर पर लिखे दो शब्द ‘प्रलय आएगा’ ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। सोहम शाह ने कैप्शन में लिखा, “हर संत का एक इतिहास होता है और हर पापी का एक भविष्य होता है। पापों की विरासत लौट रही है, लालच का चक्र चलता रहता है… तुम्बाड की दुनिया में एक बार फिर स्वागत है।”
फिल्म की शूटिंग शुरू, मोशन पोस्टर में सस्पेंस
मेकर्स ने पुष्टि की है कि ‘तुम्बाड 2’ की शूटिंग शुरू हो चुकी है। मोशन पोस्टर में देवी की मूर्ति के साथ बैकग्राउंड में सस्पेंस से भरा म्यूजिक दर्शकों को झकझोर रहा है। पोस्टर की रिलीज़ ने फिल्म की थीम और आगामी प्रलय की झलक भी पेश की है।
फैंस के रिएक्शन
सोशल मीडिया पर मोशन पोस्टर के बाद फैंस की उत्सुकता चरम पर है। यूजर्स ने अपनी प्रतिक्रिया में लिखा, “अब और इंतजार नहीं होता, फिल्म कब रिलीज हो रही है?” और “मोशन पोस्टर इतना शानदार है, फिल्म सिनेमाघरों में देखने का इंतजार मुश्किल है।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “मैं तो इस प्रलय का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”
कलाकार और निर्देशक
‘तुम्बाड 2’ में सोहम शाह और नवाजुद्दीन सिद्दीकी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। जबकि पहले भाग का निर्देशन राही अनिल वर्बे ने किया था, नए पार्ट का निर्देशन आदेश प्रसाद संभाल रहे हैं। फिल्म के निर्माता सोहम शाह और PEN स्टूडियोज हैं। हाल ही में फिल्म के मुहूर्त शॉट की तस्वीरों ने भी दर्शकों को रोमांचित कर दिया।