चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का रोमांच अब चेन्नई पहुंच चुका है, जहां 3 अप्रैल को एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच सीजन का सातवां मुकाबला खेला जाएगा। एक ओर जहां सीएसके इस मैच में वापसी की तलाश में उतरेगी, वहीं पंजाब किंग्स अपनी जीत की लय को बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
सीजन की शुरुआत में CSK को झटका
रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में खेल रही चेन्नई सुपर किंग्स को इस सीजन के अपने पहले ही मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा था। राजस्थान के खिलाफ टीम को 8 विकेट से एकतरफा शिकस्त मिली, जिसके बाद अब घरेलू मैदान पर यह मुकाबला उनके लिए बेहद अहम हो गया है।
हेड टू हेड में बराबरी का मुकाबला
आईपीएल इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच हमेशा कड़ी टक्कर देखने को मिली है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 32 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें दोनों ने 16-16 मैच जीतकर बराबरी कायम रखी है। हालांकि हालिया फॉर्म की बात करें तो पिछले 5 मुकाबलों में पंजाब किंग्स ने 4 बार जीत दर्ज की है, जबकि सीएसके को सिर्फ एक जीत मिली है।
चेपॉक में भी पंजाब का दबदबा
एमए चिदंबरम स्टेडियम, जिसे सीएसके का किला माना जाता है, वहां भी पंजाब किंग्स का रिकॉर्ड चौंकाने वाला है। दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर अब तक 9 मैच खेले गए हैं, जिनमें पंजाब ने 5 मुकाबले जीते हैं, जबकि चेन्नई सिर्फ 4 मैच अपने नाम कर सकी है।
दोनों टीमों के लिए अहम मुकाबला
जहां चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह मुकाबला सीजन में वापसी का मौका है, वहीं पंजाब किंग्स इस मैच को जीतकर अपनी बढ़त मजबूत करना चाहेगी। आंकड़े और मौजूदा फॉर्म दोनों इस बात के संकेत दे रहे हैं कि चेपॉक में एक बार फिर रोमांचक और कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।