Cyber Fraud: गूगल से मिला फर्जी नंबर पड़ा भारी, बॉम्बे हाई कोर्ट के जज से 6 लाख की ठगी; जामताड़ा से आरोपी गिरफ्तार

0 24

मुंबई से साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बॉम्बे हाई कोर्ट के एक जज भी ठगों के जाल में फंस गए। गूगल पर मिले फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए आरोपियों ने क्रेडिट कार्ड से करीब 6.02 लाख रुपये उड़ा लिए। मामले में मुंबई की कफ परेड पुलिस ने झारखंड के जामताड़ा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

फर्जी हेल्पलाइन नंबर बना जाल

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बेहद सुनियोजित तरीके से फर्जी कस्टमर केयर नंबर तैयार कर लोगों को निशाना बनाया। जज ने अपने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वॉइंट्स रिडीम करने के लिए बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आधिकारिक नंबर व्यस्त मिलने पर उन्होंने इंटरनेट पर सर्च किया। इसी दौरान वे साइबर ठगों द्वारा तैयार किए गए फर्जी नंबर के संपर्क में आ गए।

फिशिंग ऐप के जरिए की गई ठगी

जांच में सामने आया कि कॉल करने के बाद जज को व्हाट्सऐप के जरिए 18MB का एक एप्लिकेशन डाउनलोड करने का लिंक भेजा गया। यह एक फिशिंग ऐप था, जिसका इस्तेमाल संवेदनशील जानकारी चुराने के लिए किया गया। शुरुआत में ऐप उनके iPhone पर नहीं चला, जिसके बाद ठगों ने उन्हें एंड्रॉइड डिवाइस इस्तेमाल करने की सलाह दी।

ऐप डाउनलोड करते ही खाते से उड़ गए लाखों रुपये

ठगों के झांसे में आकर जज ने अपना सिम कार्ड एक अन्य एंड्रॉइड फोन में डालकर ऐप डाउनलोड किया। इसके बाद जैसे ही उन्होंने क्रेडिट कार्ड की जानकारी दर्ज की, उनके खाते से करीब 6 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। पूरी प्रक्रिया बेहद तेजी से अंजाम दी गई।

10 राज्यों में 36 मामलों से जुड़ा आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मजहर आलम इसराइल मियां के रूप में हुई है, जो जामताड़ा का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कोई सामान्य अपराधी नहीं है, बल्कि देशभर के 10 राज्यों में दर्ज कम से कम 36 साइबर ठगी मामलों से जुड़ा हुआ है।

शिकायत के बाद 10 दिन में पुलिस को सफलता

धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की और करीब 10 दिनों की कड़ी कार्रवाई के बाद आरोपी को जामताड़ा से गिरफ्तार कर लिया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.