चंडीगढ़: शहर के बुड़ैल गांव में सोमवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर में लगातार तीन गैस सिलेंडर धमाकों के साथ फट गए। धमाके इतने भीषण थे कि तीन मंजिला मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आसपास के घरों की दीवारें तक कांप उठीं। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक पहला धमाका होते ही इलाके में भगदड़ मच गई। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले लगातार दो और जोरदार विस्फोट हो गए। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
मलबे में दबे लोगों को निकालने में चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और सीआरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान चलाकर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इलाके को सुरक्षित किया।
घर में रखे थे करीब 15 गैस सिलेंडर
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिस मकान में विस्फोट हुआ, वहां करीब 15 गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि यहां सिलेंडरों की अवैध तरीके से बिक्री की जा रही थी।
प्रशासन को शक है कि गैस रिसाव के बाद सिलेंडरों में धमाके हुए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मकान में इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर क्यों रखे गए थे।
इलाके में दहशत का माहौल
लगातार हुए धमाकों के बाद आसपास के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक विस्फोट इतना तेज था कि घरों की खिड़कियां और दीवारें तक हिल गईं। हादसे के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है।