‘डकैत’ ने दूसरे दिन बॉक्स ऑफिस पर पकड़ी रफ्तार, आदिवी शेष-मृणाल ठाकुर की फिल्म में दिखा मजबूत उछाल

0 25

आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की फिल्म ‘डकैत’ को भले ही मिले-जुले रिव्यू मिले हों, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर नजर आ रहा है। फिल्म ने रिलीज के दूसरे दिन कमाई में बढ़त दर्ज करते हुए यह संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में इसकी पकड़ और मजबूत हो सकती है।

शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, दर्शकों की दिलचस्पी फिल्म में बनी हुई है और वीकेंड पर इसका फायदा साफ तौर पर देखने को मिल रहा है।

दूसरे दिन कमाई में दर्ज हुई बढ़त

ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘डकैत’ ने दूसरे दिन करीब 7 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके साथ ही फिल्म की भारत में कुल नेट कमाई दो दिनों में 13.55 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

पहले दिन के मुकाबले फिल्म ने दूसरे दिन 6.9 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की, जो इसके लिए सकारात्मक संकेत माने जा रहे हैं। शनिवार को फिल्म ने देशभर में 3,734 शोज के जरिए यह कलेक्शन हासिल किया।

ऑक्यूपेंसी की बात करें तो दूसरे दिन 28.5 प्रतिशत की औसत दर्शक उपस्थिति दर्ज की गई, जो पहले दिन के 26.4 प्रतिशत के मुकाबले बेहतर रही।

तेलुगु वर्जन ने दिखाई मजबूती, हिंदी में औसत प्रदर्शन

फिल्म के कलेक्शन में तेलुगु वर्जन का योगदान सबसे ज्यादा रहा। दूसरे दिन तेलुगु भाषा में फिल्म को 41 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी मिली और इसने करीब 5.60 करोड़ रुपये की कमाई की।

वहीं, हिंदी वर्जन का प्रदर्शन अपेक्षाकृत धीमा रहा। हिंदी में फिल्म को 16 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी मिली, जिससे 1.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ।

इन आंकड़ों से साफ है कि फिल्म को दक्षिण भारतीय बाजार से बेहतर रिस्पॉन्स मिल रहा है, जबकि हिंदी दर्शकों के बीच इसकी पकड़ अभी सीमित है।

विदेशों में भी जारी है कमाई का सिलसिला

फिल्म ने विदेशी बाजारों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। दूसरे दिन ‘डकैत’ ने ओवरसीज मार्केट से करीब 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की।

इसके साथ ही विदेशों में फिल्म का कुल कलेक्शन 9.00 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन दो दिनों में 24.81 करोड़ रुपये हो चुका है।

एक्शन-रोमांटिक ड्रामा में नजर आए कई दिग्गज कलाकार

‘डकैत’ एक एक्शन-रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसकी कहानी खुद आदिवी शेष ने लिखी है। फिल्म का निर्देशन शेनिल देव ने किया है, जो उनके करियर की पहली डायरेक्टोरियल फिल्म है।

फिल्म में आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर के अलावा अनुराग कश्यप भी अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं। वहीं, प्रकाश राज, सुनील, ज़ैन मैरी खान और अतुल कुलकर्णी सहायक भूमिकाओं में दिखाई दे रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.