आईपीएल 2026 से पहले रोहित शर्मा जोरदार तैयारी में जुटे हैं और इस सीजन मुंबई इंडियंस को छठा खिताब दिलाने के इरादे से मैदान में उतरेंगे। हालांकि इस बार उनके सामने एक ऐसा आंकड़ा भी है, जिस पर अगर ध्यान नहीं दिया गया तो उनके नाम एक बेहद अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो सकता है।
दो बार जीरो पर आउट हुए तो बन जाएगा रिकॉर्ड
अगर रोहित शर्मा आईपीएल 2026 में दो पारियों में बिना खाता खोले आउट हो जाते हैं, तो वे लीग इतिहास में सबसे ज्यादा बार ‘डक’ पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड ग्लेन मैक्सवेल के नाम दर्ज है, जो 19 बार जीरो पर आउट हुए हैं। वहीं दिनेश कार्तिक और रोहित शर्मा 18-18 बार डक पर आउट होकर इस सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
सबसे ज्यादा डक पर आउट होने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट
आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा बार बिना खाता खोले आउट होने वाले खिलाड़ियों की सूची में ग्लेन मैक्सवेल (19) शीर्ष पर हैं। उनके बाद दिनेश कार्तिक और रोहित शर्मा (18-18), सुनील नारायण (17) और राशिद खान (16) का नाम शामिल है।
मैक्सवेल और कार्तिक नहीं होंगे IPL 2026 का हिस्सा
गौरतलब है कि ग्लेन मैक्सवेल को आईपीएल 2026 के ऑक्शन से पहले पंजाब किंग्स ने रिलीज कर दिया था और उन्होंने ऑक्शन के लिए खुद को रजिस्टर भी नहीं किया। वहीं दिनेश कार्तिक पहले ही आईपीएल से संन्यास ले चुके हैं। ऐसे में इस सीजन दोनों खिलाड़ी मैदान में नजर नहीं आएंगे, जिससे रोहित शर्मा के पास इस सूची में सबसे ऊपर पहुंचने का जोखिम और बढ़ गया है।
आईपीएल के दिग्गज बल्लेबाजों में शुमार हैं रोहित
रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने 272 मैचों में करीब 30 की औसत और 132 से अधिक की स्ट्राइक रेट से 7046 रन बनाए हैं। रन बनाने के मामले में वह विराट कोहली के बाद दूसरे स्थान पर हैं, जिनके नाम 8661 रन दर्ज हैं।
कप्तानी में भी शानदार रिकॉर्ड
रोहित शर्मा को आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में भी गिना जाता है। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच बार खिताब अपने नाम किया है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।