डेविड वॉर्नर गिरफ्तार: शराब पीकर कार चलाने का मामला, पाकिस्तान लौटने पर भी करना होगा कोर्ट में पेश

0 34

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व धाकड़ सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर कानूनी पचड़ों में फंस गए हैं। 39 वर्षीय वॉर्नर पर ऑस्ट्रेलिया में शराब पीकर कार चलाने का आरोप लगा है। ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया लेकिन बाद में छोड़ दिया। इसके बावजूद वॉर्नर अब पाकिस्तान लौट आए हैं और पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) 2026 में कराची किंग्स की कप्तानी संभाल रहे हैं।

पुलिस ने ब्रेथ टेस्ट में पाया पॉजिटिव
रिपोर्ट के अनुसार, 5 अप्रैल की शाम सिडनी के मारौबरा में पुलिस रैंडम ब्रेथ टेस्ट कर रही थी। उसी दौरान वॉर्नर को रोका गया। टेस्टिंग साइट पर पहुंचने से पहले उन्होंने अपनी कार रोककर पार्क कर दी थी, लेकिन अधिकारियों ने गाड़ी के पास जाकर ब्रेथ टेस्ट किया। इसमें वॉर्नर पॉजिटिव पाए गए और 0.104 रीडिंग दर्ज हुई। उन्हें मारौबरा पुलिस स्टेशन ले जाया गया। अगले महीने इस मामले की सुनवाई के लिए वॉर्नर को कोर्ट में पेश होना होगा।

पीएसएल में कराची किंग्स की कप्तानी जारी
वॉर्नर ने पीएसएल में कराची किंग्स की कप्तानी संभाली है। टीम का अगला मैच 9 अप्रैल को कराची के नेशनल स्टेडियम में पेशावर जालमी के खिलाफ खेला जाएगा। टीम अब तक लगातार तीन जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर है। वॉर्नर मैचों के बीच ऑस्ट्रेलिया अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए गए थे।

इंटरनेशनल क्रिकेट से 2024 में लिया रिटायरमेंट
ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन ओपनिंग बल्लेबाजों में से एक माने जाने वाले वॉर्नर ने 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बावजूद उन्होंने बिग बैश लीग (बीबीएल) और फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलना जारी रखा। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 112 टेस्ट, 161 वनडे और 110 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले और तीनों फॉर्मेट में 15,000 से अधिक रन बनाए।

आईपीएल में भी छाई पहचान
डेविड वॉर्नर ने 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करते हुए आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। आईपीएल में उनका आखिरी खेल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए रहा। 2025 और 2026 के ऑक्शन में वॉर्नर अनसोल्ड रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.