दिल्ली: मयूर विहार के स्टार सिटी मॉल की पार्किंग में कार से शव बरामद, ड्राइवर नोएडा निवासी निकला

0 117

पूर्वी दिल्ली। राजधानी के मयूर विहार इलाके में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्टार सिटी मॉल की बेसमेंट पार्किंग में खड़ी एक कार के अंदर से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, पार्किंग में खड़ी होंडा सिटी कार के भीतर एक अज्ञात व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने कार का दरवाजा खोलकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यह प्राकृतिक मौत है या किसी अन्य वजह से हुई है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मृतक पार्किंग में कब पहुंचा और क्या उसके साथ कोई और व्यक्ति भी था। किसी तरह के विवाद या संदिग्ध गतिविधि की भी जांच की जा रही है।

मृतक की पहचान नोएडा निवासी नरेंद्र के रूप में हुई है, जो ड्राइवर बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि मॉल जैसी सार्वजनिक जगह पर इस तरह शव मिलना चिंता का विषय है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.