बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, राजनीतिक जगत में शोक की लहर; CM योगी, मायावती और अखिलेश ने दी श्रद्धांजलि
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के विधायक उमाशंकर सिंह का बुधवार शाम लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे और उनका उपचार चल रहा था। उनके निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री योगी ने जताया गहरा शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संदेश जारी करते हुए दिवंगत विधायक के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान मिले और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
विधानसभा अध्यक्ष बोले- प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति
उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका निधन प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और क्षेत्र के विकास तथा जनता के हितों के लिए निरंतर समर्पित रहे। उनकी सादगी और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता हमेशा याद रखी जाएगी।
अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उमाशंकर सिंह के निधन पर दुख जताया। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
मायावती ने बताया कर्मठ और वफादार नेता
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उमाशंकर सिंह के निधन को अत्यंत दुखद बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक कर्मठ, ईमानदार और पूरी निष्ठा से काम करने वाले जनप्रतिनिधि को खो दिया है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा हमेशा याद रखी जाएगी और उनका परिवार बसपा परिवार का हिस्सा है।
लंबे समय से चल रहा था इलाज
उमाशंकर सिंह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और उनका इलाज जारी था। बीमारी के चलते बुधवार शाम उनका निधन हो गया। उनके निधन से बलिया सहित पूरे प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है।