दीपिका चिखलिया ने किया ‘रामायण’ टीजर का स्वागत, रणबीर कपूर को राम के रूप में देखकर जताई खुशी

0 36

सोशल मीडिया पर डायरेक्टर नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ का टीजर रिलीज होते ही चर्चाओं में छा गया है। अब टीवी की सीता कहे जाने वाली दीपिका चिखलिया ने टीजर देखने के बाद अपनी प्रतिक्रिया दी और रणबीर कपूर के भगवान राम के किरदार की जमकर तारीफ की। उन्होंने फिल्म की भव्यता और विजुअल्स की प्रशंसा करते हुए रिलीज का इंतजार जताया।

दीपिका चिखलिया का टीजर रिएक्शन

इंडिया टुडे से बात करते हुए दीपिका चिखलिया ने कहा, “मैंने टीजर देखा और यह बहुत ग्रैंड और रिच लग रहा है। इसे बहुत अच्छे से बनाया गया है। रणबीर कपूर राम के किरदार में बहुत अच्छे लग रहे हैं। मैं अब फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं। यह बहुत खूबसूरत लग रही है, इसमें कोई शक नहीं।”

पहले अलग था नजरिया, अब बदल गई सोच

हालांकि, दीपिका चिखलिया की राय पहले इस फिल्म पर कुछ अलग थी। जून 2024 में उन्होंने फिल्म के ऐलान के समय कहा था, “सच कहूं तो मैं उन लोगों से काफी निराश हूं जो बार-बार रामायण बनाते रहते हैं। मुझे नहीं लगता कि इसे बार-बार दिखाना चाहिए। लोग इसका मजाक बना रहे हैं। हर बार इसे बनाते समय नया पहलू या कहानी जोड़ना चाहते हैं, लेकिन मैं इसके पक्ष में नहीं थी।” अब टीजर देखने के बाद उनकी सोच बदल गई और उन्होंने फिल्म की भव्यता की तारीफ की।

दो भाग में रिलीज होगी ‘रामायण’

टीजर में रणबीर कपूर को ‘मर्यादा पुरुषोत्तम राम’ के रूप में पेश किया गया है। साथ ही साई पल्लवी सीता के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आए। टीजर में यश के ‘रावण’ की झलक भी दिखाई गई है। नितेश तिवारी निर्देशित और नामित मल्होत्रा द्वारा समर्थित ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 में और दूसरा भाग दिवाली 2027 में दर्शकों के सामने आएगा। फिल्म का संगीत हंस जिमर और ए. आर. रहमान ने तैयार किया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.