दिल्ली चुनाव 2025: आतिशी ने रमेश बिधूड़ी पर भतीजे के जरिए गुंडागर्दी करने के लगाए आरोप, केजरीवाल ने भी साधा निशाना
नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के चुनावी रण में आजकल जुबानी जंग चल रही है। आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) लगातार एक दूसरे पर हमलावर हैं। आए दिन आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल और आतिशी प्रेस कॉन्फ्रेंस करके भाजपा पर हमलावर हैं। चुनावी रैलियों में भी अरविंद केजरीवाल लगातार बीजेपी को टारगेट कर रहे हैं। आज भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके अरविंद केजरीवाल और आतिशी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा।
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि जब से रमेश बिधूड़ी कालकाजी में चुनाव लड़ रहे हैं, तबसे कालकाजी में गुंडई चल रही है। बीजेपी वाले सरेआम गुंडागर्दी करने पर आ गए हैं। रमेश बिधूड़ी के भतीजे आप कार्यकर्ताओं को डरा रहे हैं, धमका रहे हैं, प्रचार सामग्री छीन रहे हैं, जला रहे हैं। ऐसे कई मामले पीछे कई दिनों में देखने को मिल चुके हैं। अरविंद केजरीवाल ने भी भाजपाइयों की गुंडागर्दी पर सवाल उठाए और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए गिरफ्तारियों की मांग की।
बिधूड़ी के लोगों पर आप वर्करों को धमकाने के आरोप
आतिशी ने कहा कि रमेश बिधूड़ी ने कालकाजी में गुंडागर्दी और दहशत का माहौल बनाया हुआ है। 15 जनवरी को गिरी नगर में बीजेपी का पटका पहने हुए लोग आए और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं से पर्चे छीनकर ले गए। उन्होंने पर्चों को जला दिया। 19 जनवरी को रमेश बिधूड़ी ने हमारी कार्यकर्ता को धमकी दी। उन्होंने फोन पर कहा कि 8 फरवरी के बाद केस करवाऊंगा। 20 जनवरी को नवजीवन के कैंप में भाजपा की टीम ने कई बच्चों को भाजपा वाले स्टीकर लगाए थे। जब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ऑब्जेक्शन किया तो उन्होंने गाली गलौज की। रमेश बिधूड़ी के भतीजे मनीष बिधूड़ी ने AAP के कार्यकर्ता से कहा कि घर बैठ जाओ, वर्ना हाथ पैर तोड़ देंगे।

दिल्ली पुलिस दे रही भाजपा की गुंडागर्दी को सरंक्षण
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जिस तरह की हिंसा भाजपा फैला रही है, उसकी खबरें पूरी दिल्ली सेआ रही हैं। मेरी खुद की विधानसभा में यह हो रहा है। कोई दल या शख्स हिंसा तब करता है, जब कोई यह सोचता है कि अहिंसक तरीके से जीतना मुश्किल है। पूरी दिल्ली में भाजपा अपनी ऐतिहासिक हार की तरफ बढ़ती जा रही है, इसलिए बौखला गई है। अमित शाह ने भाजपा की डूबती नैया को बचाने के लिए कमान संभाल ली है। दिल्ली पुलिस को कानून व्यवस्था से हटा लिया गया है और भाजपा के प्रचार में लगा दिया गया है। अब दिल्ली पुलिस भाजपा के गुंडों को गुंडागर्दी करने का संरक्षण दे रही है।